विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में सियासी भूचाल! I-PAC में ED छापामारी के दौरान पहुंचीं CM ममता, बीजेपी ने जांच में दखल का लगाया आरोप

Published: Thu, 08 Jan 2026 02:46 PM (IST)Updated: Thu, 08 Jan 2026 02:56 PM (IST)

ईडी ने कोलकाता में I-PAC कार्यालय और प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर छापा मारा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने छापेमारी ...और पढ़ें

HighLights

  1. ईडी ने कोलकाता में I-PAC कार्यालय और प्रतीक जैन के घर पर छापा मारा।

  2. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी छापामारी के दौरान पहुंचीं।

  3. सुवेंदु अधिकारी ने इसे असंवैधानिक हस्तक्षेप बताकर कार्रवाई की मांग की।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को ईडी की छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आई-पैक प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर जाने को असंवैधानिक और केंद्रीय एजेंसी की जांच में सीधा हस्तक्षेप करार दिया। भाजपा नेता ने कहा कि ईडी को इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ कदम उठाने चाहिए।

सुवेंदु ने कोलकाता के लाउडन स्ट्रीट स्थित जैन के आवास पर ईडी की छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री और कोलकाता के पुलिस आयुक्त के वहां पहुंचने के बाद संवाददाताओं से कहा, मुझे लगता है कि मुख्यमंत्री और कोलकाता पुलिस आयुक्त का वहां जाना अनैतिक, असंवैधानिक और केंद्रीय एजेंसी की जांच में सीधा हस्तक्षेप है। मालूम हो कि आइ-पैक ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक व चुनावी प्रबंधन के साथ पार्टी के आइटी प्रकोष्ठ का भी कामकाज देखता है। दिल्ली से आई ईडी की टीम ने गुरुवार सुबह से कोलकाता के साल्टलेक स्थित आइ-पैक के कार्यालय और कंपनी के प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर तलाशी अभियान चलाया।

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी ममता बनर्जी केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई के दौरान हस्तक्षेप करती रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्व में सारधा चिटफंड घोटाले की जांच के सबूत नष्ट करने के मामले में कई साल पहले सीबीआइ की छापेमारी के दौरान कोलकाता पुलिस के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार के सरकारी आवास पर भी गई थीं।

WhatsApp Image 2026-01-08 at 14.31.16

अब तक क्या-क्या हुआ?

गुरुवार को बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के लिए राजनीतिक व चुनावी प्रबंधन का काम कर रही आई-पैक (I-PAC) के कोलकाता के साल्टलेक सेक्टर-5 स्थित कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापामारी की। इसके साथ ही कंपनी के मालिक प्रतीक जैन के लाउडन स्ट्रीट कार्यालय पर भी ईडी की टीम गुरुवार, 8 जनवरी सुबह से छापामारी कर रही है।

  • इस दौरान प्रतीक जैन के घर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी पहुंची।
  • वहीं सीएम के पहुंचने से 5 मिनट पहले ही कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी पहुंचे।
  • इसके बाद ममता बनर्जी आई-पैक के दफ्तर से लैपटॉप और फाइलें लेकर बाहर निकल गईं।
  • उन्होंने दावा किया कि इसमें पार्टी की रणनीति से जुड़े संवेदनशील जानकारियां हैं। 

कोलकाता में ईडी की छापामारी पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'यह दुर्भाग्यजनक है कि यहां केंद्रीय एजेंसी छापामारी कर रही है। यहां पार्टी के गोपनीय दस्तावेज, रणनीति व उम्मीदवारों की सूची रहती है।'

कौन हैं प्रतीक जैन?

प्रतीक जैन I-PAC साल्टलेक कंपनी के मालिक हैं। आई-पैक ने 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत हासिल करने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार भी आई-पैक राज्य में सत्ताधारी पार्टी की विभिन्न रणनीतियों को निर्धारित करने, विपक्ष के हमलों का मुकाबला करने और चुनाव प्रचार की रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

यह भी पढ़ें: कोलकाता में I-PAC के ऑफिस में ED की छापामारी, मौके पर पहुंचीं सीएम ममता बनर्जी; लैपटॉप-फाइलें लेकर निकलीं