Exclusive: मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक को देनी पड़ी सफाई, कहा-मैं पार्टी में ही हूं
जैतपुर विधायक मनीषा सिंह पेंद्राम कांग्रेस में जाने की खबर को झूठा बताया है। उन्होंने स्पष्टीकरण दिया कि वह भाजपा में हैं और हमेशा पार्टी के साथ ही खड़ी रहेंगी।
शहडोल, जेएनएन। मध्य प्रदेश में विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन बुधवार को भाजपा के दो विधायकों शरद कोल और नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस सरकार का साथ क्या दिया, भाजपा विधायकों के पाला बदलने की अफवाहें जोर पकड़ने लगीं। अब सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जैतपुर विधायक मनीषा सिंह पेंद्राम कांग्रेस में जा सकती हैं। ऐसे में विधायक ने स्पष्टीकरण दिया कि वह भाजपा में हैं और हमेशा पार्टी के साथ ही खड़ी रहेंगी। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का भरोसा नहीं तोड़ेंगी।
भाजपा विधायक मनीषा सिंह ने दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन 'नईदुनिया' से चर्चा में कहा कि कांग्रेस का कोई नेता उनके संपर्क में नहीं है और न ही इस बारे में किसी से कोई बात हुई है। मैं शिवराज सिंह चौहान का भरोसा किसी हाल में नहीं तोड़ सकती। मैं आज जिस मुकाम पर हूं, यह उन्हीं की देन है। विश्वासघात करना हम आदिवासियों के खून में नहीं है। विधायक ने बताया कि शिवराज सिंह चौहान ने खुद मुझसे कहा कि मनीषा मुझे तुम पर पूरा भरोसा है। तुम अफवाहों को लेकर परेशान मत होना। सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद हुई मुलाकात में मैंने उन्हें आश्वस्त किया है कि मैं भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता हूं और रहूंगी।
पिता क्या, पति की भी नहीं सुनूंगी
मनीषा सिंह ने दो टूक कहा कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जाने के लिए मेरे पिता क्या, पति भी कहेंगे तो मैं उनकी बात नहीं मानूंगी। मेरे परिजन यह बात अच्छी तरह से जानते हैं। इस कारण मुझसे कभी कोई यह सब बातें नहीं कर सकता। गौरतलब है कि मनीषा सिंह के पिता ध्यान सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता हैं और पिछले विधानसभा चुनाव में बांधवगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार थे। चर्चा है कि कांग्रेस ध्यान सिंह के सहारे मनीषा सिंह को साधने की कोशिश में जुटी हुई है।
कोई हमें खरीद नहीं सकता
भाजपा विधायक ने स्पष्ट कहा कि भले ही मुझे लेकर लोग अफवाह उड़ा रहे हों, लेकिन यह सब गलत है। हम आदिवासी आम जीवन जीते हैं और अभावों में जीते आए हैं। हमारे पास जितना है, उतने में संतोष है। कोई हमें खरीद नहीं सकता। मैं ऐसा कोई काम नहीं करना चाहती, जिससे मेरे परिवार का सिर समाज में झुक जाए।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में कांग्रेस को आंख दिखाने वाली भाजपा अब खुद बैकफुट पर
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप