दिग्विजय के भाई लक्ष्मण का कांग्रेस पर हमला- राहुल गांधी जनता से मांगें माफी, पूरा नहीं किया वादा
लक्ष्मण सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसानों से किया गया वादा पूरा नहीं कर पाई। इसलिए 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने के बयान पर राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।
रायपुर, एएनआइ। राहुल गांधी अब विपक्षियों के साथ-साथ पार्टी के नेताओं के भी निशाने पर हैं। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भाई और पार्टी विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी को कर्ज माफी के मुद्दे पर किसानों से माफी मांगनी चाहिए। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसानों से किया गया वादा पूरा नहीं कर पाई। इसलिए 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करने के बयान पर राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए।
किसानों से माफी मांगे राहुल गांधी
लक्ष्मण ने कहा कि माफी मांगने में कोई बुराई नहीं है। कमलनाथ को राजनीति का काफी अनुभव है, लेकिन इस समय मध्यप्रदेश में एक बड़ा वित्तीय संकट है। ऐसे में पार्टी को किसानों से किए गए वादे को पूरा न कर पाने के लिए खेद प्रकट करना चाहिए। वहीं भगवा वस्त्र पर दिए गए दिग्विजय सिंह के बयान पर लक्ष्मण सिंह ने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भोपाल आना चाहिए और राज्य के नेतृत्व संकट को हल करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से बात करनी चाहिए।
लक्ष्मण का राहुल पर तंज
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए लक्ष्मण सिंह ने कहा कि इस तरह के वादे नहीं किए जाने चाहिए। आगे के वादे करने के बजाय, उचित समय सीमा बताना चाहिए कि किसानों का पूरा कर्ज कब माफ कर दिया जाएगा। पार्टी के नेताओं को इस बात का खास ध्यान रखना चाहिए।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर दर्ज हुआ मुकदमा, भगवा वस्त्र पर दिया था आपत्तिजनक बयान
कांग्रेस पार्टी ये सबसे बड़ी विडंबना
कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए लक्ष्मण सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ये सबसे बड़ी विडंबना रही है कि शीर्ष नेतृत्व केवल कुछ चुनिंदा लोगों से ही मिलता है। भविष्य में भी यदि ऐसा ही देखने को मिला, तो मुझे नहीं पता कि पार्टी का क्या होगा। पार्टी में यदि नई ऊर्जा का संचार करना है, तो नेताओं को कार्यकर्ताओं से मिलना ही होगा। इसी तरह से कांग्रेस सत्ता में वापस आ सकती है।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में गए थे लक्ष्मण
लक्ष्मण सिंह दो बार बीजेपी से भी सांसद रहे हैं। साल 2003 में मध्य प्रदेश से कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने के बाद लक्ष्मण सिंह बीजेपी में शामिल हुए और दो लोकसभा चुनाव भगवा पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर जीते। साल 2010 में बीजेपी अध्यक्ष नितिन गडकरी की आलोचना करने पर उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद वह साल 2013 में कांग्रेस में वापस लौटै।