Rahul Gandhi: 'हमारे कार्यकर्ता 'बब्बर शेर' जैसे...' जनता के बीच जाकर करना होगा ये काम, राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को दिया गुप्त मंत्र
चुनाव प्रचार अभियान में कांग्रेस अपने घोषणापत्र में किए गए वादों पर सबसे ज्यादा फोकस कर रही है और इस रणनीति के तहत राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से इसका जिक्र करते हुए कहा है कि कांग्रेस एक बेहतरीन घोषणापत्र लेकर आयी है जिसमें कुछ महत्पूर्ण गारंटी है। इनमें गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपए और अप्रेंटिसशिप का अधिकार समेत कई वादे शामिल हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वोटरों को बूथ तक लाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका के मद्देनजर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से एक दिन पूर्व भाजपा के खिलाफ सियासी जंग में कार्यकर्ताओं के साहस की प्रशंसा करते हुए पार्टी के चुनावी वादों को जनता के बीच ले जाने के लिए प्रोत्साहित किया।
राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्यों बताया 'बब्बर शेर'?
लोकसभा के इस चुनाव को लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव करार दते हुए राहुल ने कहा कि इस लिहाज से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और वे 'बब्बर शेर' की तरह इस दायित्व को निभाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गुरुवार को जारी वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं और इसलिए चुनाव के समय उनसे कुछ सीधी बात करते हुए कहना चाहते हैं कि यह सामान्य चुनाव नहीं है। कांग्रेस पार्टी की सोच और विचारधारा आपके आपकी रगों में हैं।
कांग्रेस के घोषणापत्र में महिलाओं के लिए क्या है?
चुनाव प्रचार अभियान में कांग्रेस अपने घोषणापत्र में किए गए वादों पर सबसे ज्यादा फोकस कर रही है और इस रणनीति के तहत राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से इसका जिक्र करते हुए कहा है कि कांग्रेस एक बेहतरीन घोषणापत्र लेकर आयी है जिसमें कुछ महत्पूर्ण गारंटी है। इनमें गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपए, अप्रेंटिसशिप का अधिकार- सभी ग्रैजुएट्स और डिप्लोमा होल्डर्स को एक साल की अप्रेंटिसशिप और एक लाख रुपए और किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी शामिल है।
कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या-क्या वादे किए गए?
इसके साथ ही मनरेगा श्रमिकों को कम से कम 400 रुपए दैनिक मजदूरी, कॉन्ट्रैक्ट मजदूरी खत्म करना, 30 लाख सरकारी नौकरियां, सेना में अग्निवीर भर्ती खत्म से लेकर जीएसटी व्यवस्था को ठीक करने जैसी कुछ अहम गारंटियों का उल्लेख करते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने जनता की बात सुनकर घोषणात्र तैयार किया है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को देश की जनता को इसके बारे में बताना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह भी अहम जिम्मेदारी है कि वे जनता को बताएं कि भाजपा हिन्दुस्तान की सोच पर हमला कर भारत की विचारधारा को खत्म कर रह रही है तथा संविधान को मिटाने की कोशिश कर रही है।