सोनिया गांधी के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा- चुनौतियों से लाभ पाने की चाहत रखने वाली कांग्रेस बदनामी में लिप्त
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब देश को कोविड-19 महामारी के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है तो कुछ राजनीतिक दल चुनौतियों का लाभ उठा रहे हैं।
नई दिल्ली, एजेंसियां। भाजपा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस देश के सामने उत्पन्न चुनौतियों का लाभ उठाने की कोशिश कर रही है और कहा कि विपक्षी पार्टी राजनीतिक बदनामी में लिप्त है, जो दुर्भाग्यपूर्ण लेकिन अपेक्षित है।
चुनौतियों का लाभ उठा रहे हैं कुछ राजनीतिक दल
वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए यह बात कही। सोनिया ने मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि केंद्र को छोड़कर पूरे देश ने प्रवासियों के दर्द की कराह सुनी है। कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पर जोरदार प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ईरानी ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब देश को कोविड-19 महामारी के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है, तो कुछ राजनीतिक दल चुनौतियों का लाभ उठा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में केंद्र और राज्य, जिले के अधिकारियों समेत अपने प्रयासों में जुट गए हैं। कांग्रेस के लिए इस समय राजनीतिक बदनामी में लिप्त होना दुर्भाग्यपूर्ण लेकिन अपेक्षित है।
सरकार ने 176000 करोड़ का गरीब कल्याण पैकेज दिया
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो ऐसी महामारी के वक्त में अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहती है। उनको मात्र इतना कहना है कि जिस सरकार के ऊपर वो कटाक्ष कर रहे हैं उस सरकार ने 176000 करोड़ का गरीब कल्याण पैकेज लोगों तक पहुंचाया है।उनकी अपनी प्रदेश की सरकारें इस बात की गवाह हैं। आज मैं कांग्रेस को कहना चाहती हूं कि ऐसी महामारी के वक्त अगर आप अपनी राजनीति करने पर उतारू रहेंगे तो राष्ट्र का हित आपके लिए सर्वोपरि नहीं है, इंसानियत आपके लिए सर्वोपरि नहीं है।