कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव पर भाजपा का निशाना, कहा- गहलोत हों या थरूर, कोई बने लेकिन राहुल के हाथों की 'कठपुतली' ही होगा
भाजपा ने अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। भाजपा का कहना है कि अशोक गहलोत या शशि थरूर में से चाहे जो कोई कांग्रेस का अध्यक्ष बने लेकिन वह राहुल गांधी के हाथों की कठपुतली ही रहेगा।
नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। इस चुनाव के भावी उम्मीदवारों के नाम को लेकर अटकलों का दौर जारी है। उम्मीदवारों में अशोक गहलोत और शशि थरूर का नाम चर्चा के केंद्र में है। इन चर्चाओं के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा ने सोमवार को कहा कि अशोक गहलोत या शशि थरूर में से चाहे जो कोई कांग्रेस का अध्यक्ष बने लेकिन वह राहुल गांधी के हाथों की कठपुतली ही रहेगा।
गांधी परिवार के पास ही रहेगी असली कमान
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की असली कमान तो गांधी परिवार के पास ही रहेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता टॉम वडक्कन (Tom Vadakkan) ने कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' (Bharat Jodo Yatra) को 'भ्रष्टाचार जोड़ो यात्रा' (Corruption Jodo Yatra) करार देते हुए कहा कि इस यात्रा की शुरुआत द्रमुक के '2जी भागीदारों' के साथ हुई है। वडक्कन ने कहा कि यह यात्रा कन्याकुमारी में द्रमुक के 2जी भागीदारों के आशीर्वाद के साथ शुरू हुई। अब यह केरल में प्रवेश कर गई है।
आप सरकार की आबकारी नीति पर चुप्पी पर सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में आप सरकार की भ्रष्ट आबकारी नीति पर चुप्पी साधे हुए हैं जो केरल में यूडीएफ सरकार की आबकारी नीति की नकल है। वडक्कन ने कहा कि राहुल गांधी को आप सरकार की आबकारी नीति (जो अब वापस ले ली गई) पर बोलना चाहिए। चाहे गहलोत हों या थरूर... वे केवल कठपुतली ही होंगे। कांग्रेस की बागडोर तो राहुल गांधी के हाथों में ही होगी।
22 सितंबर को अधिसूचना
समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी की जाएगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही देश की सबसे पुरानी पार्टी के अध्यक्ष को चुनने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आरंभ हो जाएगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाला केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण यह अधिसूचना जारी करेगा। बताया जाता है कि 22 सितंबर को अधिसूचना जारी किए जाने के बाद पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर अशोक गहलोत छोड़ेंगे सीएम का पद? खुद दिया जवाब
यह भी पढ़ें- कौन होगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष: गांधी परिवार के 'वफादार' अशोक गहलोत या पार्टी में सुधार चाहने वाले थरूर