भाजपा पार्षदों ने भाग्यलक्ष्मी मंदिर में ली शपथ, GHMC चुनाव में जीते थे 48 पार्षद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान भाजपा के कई नेता मंदिर आए थे और प्रार्थना की थी। हमने उसी समय सोच लिया था कि नगर निगम चुनाव हो जाने के बाद हम अपने पार्षदों के साथ मंदिर आएंगे और देवी भाग्यलक्ष्मी के सामने शपथ लेंगे।
हैदराबाद, एएनआइ। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करने वाले भाजपा के 48 पार्षदों ने शुक्रवार को भाग्यलक्ष्मी मंदिर में शपथ ली। इस अवसर पर तेलंगाना राज्य इकाई के भाजपा अध्यक्ष बांदी संजय और पार्टी के विधायक राजा सिंह भी मौजूद थे।
संजय ने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान भाजपा के कई नेता मंदिर आए थे और प्रार्थना की थी। हमने उसी समय सोच लिया था कि नगर निगम चुनाव हो जाने के बाद हम अपने पार्षदों के साथ मंदिर आएंगे और देवी भाग्यलक्ष्मी के सामने शपथ लेंगे। इसलिए हम अपने सभी 48 पार्षदों और विधायक राजा सिंह के साथ मंदिर आए और प्रार्थना की।
भाजपा पार्षदों ने भ्रष्ट न होने और लोगों की सेवा के लिए मंदिर में ली शपथ
उन्होंने कहा कि हम हैदराबाद के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसकी खातिर केंद्र से फंड लाने के लिए जो भी जरूरी होगा वह किया जाएगा। टीआरएस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के कुशासन ने हैदराबाद शहर को तबाह कर दिया है। टीआरएस सरकार से ऊब चुके लोग अब बदलाव चाहते हैं और नगर निगम के चुनाव में उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। तेलंगाना भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा पार्षदों ने शपथ ली कि वे भ्रष्ट नहीं होंगे और लोगों की सेवा के लिए काम करेंगे।
आइफोन देने के फैसले की आलोचना
ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम की स्थायी समिति के अपने सदस्यों को आइफोन देने के फैसले को भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब समिति के सभी 17 सदस्यों का कार्यकाल अगले साल फरवरी के पहले सप्ताह में खत्म हो जाएगा। सदस्यों को दिए जाने वाले एक आइफोन की कीमत 1.6 लाख रुपये है।