कौन हैं एरिका स्टोल? जिसने रोरी मैक्लराय को संकट से निकाला, फिर किया जीवन निभाने का वादा
एरिका स्टोल ने रोरी मैक्लराय को 2012 राइडर कप में संकट से निकाला, फिर तीन साल बाद शादी भी रचा ली।
-1791618173604_m.webp)
रोरी मैक्लराय और उनकी पत्नी एरिका स्टोल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रोरी मैक्लराय गोल्फ की दुनिया के सबसे बड़े नामों में से एक हैं। उन्होंने गोल्फ में कई सारे खिताब जीते हैं। मगर साल 2012 का राइडर कप उनके लिए बेहद खास हैं, क्योंकि इसी टूर्नामेंट की वजह से रोरी को एरिका स्टोल के रूप में जीवन की हमसफर मिलीं। दोनों के मुलाकात की कहानी बेहद खास है। रोरी के टीम की राइडर कप के खिताबी जीत में भी एरिका की काफी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एरिका का जन्म 10 सितंबर 1987 को न्यूयॉर्क के आयरनडिकोएट में हुआ था। उन्होंने स्पोर्ट्स एडमिनिस्ट्रेशन में अपना करियर बनाया। इसके बाद अमेरिका के पीजीए में उनकी नौकरी लग गई। उन्होंने 2012 राइडर कप के दौरान मेडिना कंट्री क्लब के लिए ट्रांसपोर्ट ऑफिशियल के तौर पर काम करना शुरु किया।
इसी दौरान एरिका ने रोरी को उनके करियर के सबसे बड़े मैचों में से एक मुकाबले को मिस करने से बचाया। यहीं से दोनों के प्रेम कहानी की शुरुआत हुई। दोनों इस घटना के बाद अच्छे दोस्त हो गए।
एरिका और रोरी की राइडर कप के दौरान ऐसे हुई मुलाकात
रोरी और एरिका के मुलाकात की कहानी बहुत ही दिलचस्प है। इतिहास के सबसे रोमांचक राइडर कप में से एक के आखिरी दिन, अपने सिंगल्स मैच की सुबह रोरी ने अपने टी-टाइम (मैच शुरू होने के समय) को गलत समझ लिया। रोरी को लगा कि उनके पास काफी समय है, जबकि असल में ऐसा नहीं था।
ऐसे में स्टोल ही थीं, जिन्होंने इस समस्या को समझा, टीम को आगाह किया। साथ ही मैच रद होने से पहले रोरी को कोर्स तक पहुंचाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट का इंतजाम भी किया, जिस वजह से वे समय पर पहुंच गए।
रोरी ने इस दौरान अपना सिंगल्स पॉइंट जीता। यूरोप ने उस साल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यूरोप की इस जीत को 'मिरेकल एट मेडिना'(मेडिना का चमत्कार) के नाम से जाना जाता है। इस घटना के बाद ही दोनों में अच्छी दोस्ती हुई। हालांकि, रोरी और एरिका ने दो साल बाद एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया।
2015 में रोरी ने किया प्रपोज, 2017 में हुई शादी
एरिका और रोरी के बीच दोस्ती तो, राइडर्स कप के बाद ही हो गई थी। रोरी ने साल 2014 में कैरोलाइन वोजनियाकी के साथ अपनी सगाई तोड़ दी। इसके लगभग छह महीने बाद एरिका और रोरी ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया।
रोरी ने साल 2015 में एरिका को प्रपोज कर दिया। इसके बाद साल 2017 में 22 अप्रैल को आयरलैंड में दोनों ने शादी कर ली। साल 2020 में उनकी बेटी पॉपी केनेडी मैक्लरॉय का जन्म हुआ। एरिका हमेशा से रोरी को मैदान में सपोर्ट करते हुए दिखाई दी हैं।
एरिका ने रोरी को पांच फेडएक्स कैंपेन के दौरान सपोर्ट करते देखा गया। इसके बाद वो साल 2025 और 2026 में मास्टर्स टाइटल के दौरान भी उनके साथ रहीं। इसके अलावा, 2025 राइडर कप में भी वो अपने पति का साथ देने के लिए मैदान पर मौजूद थीं।
2024 में तलाक की आ गई थी नौबत
एरिका और रोरी ने साल 2024 में तलाक लेने का फैसला किया था। हालांकि, कुछ ही समय बाद दोनों के बीच सुलह हो गई। एरिका को इसके बाद रोरी के साथ कई बार देखा गया। वो 2025 और 2026 की मास्टर्स टाइटल में रोरी को सपोर्ट करने पहुंची थीं।
इस दौरान रोरी लगातार ग्रीन जैकेट जीतने वाले इतिहास के सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने थे। बता दें कि एरिका किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में नहीं हैं। उन्होंने कभी भी कोई इंटरव्यू नहीं दिया है। मेडिना में शुरू हुई कहानी रोरी और एरिका के लिए बेहद खास बन गई।
