Syed Modi International: पहले ही दिन बड़ा उलटफेर, भारतीय जोड़ी ने इंग्लैंड के दिग्गजों को किया बाहर; यूपी की बेटियों ने भी लहराया परचम
लखनऊ में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले दिन महिला युगल में उत्तर प्रदेश की अमोलिका-समृद्धि और श्रुति मिश्रा ने जीत दर्ज की।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में मंगलवार को महिला युगल में उत्तर प्रदेश की अमोलिका सिंह सिसोदिया-समृद्धि सिंह और श्रुति मिश्रा ने जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनाई। पुरुष युगल में गैर वरीय भारतीय जोड़ी साई प्रतीक के और रूबन कुमार रथीनसबपति ने आठवीं वरीय इंग्लैंड की जोड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर किया। तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने भी जीत दर्ज की।
गोमतीनगर के योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित चैंपियनशिप में पहले दिन क्वालीफायर मुकाबलों के बाद महिला और पुरुष युगल के पहले दौर के मैच खेले गए।
अमोलिका सिंह और समृद्धि सिंह ने किया कमाल
महिला युगल में अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह की उप्र की जोड़ी ने हमवतन नयना एस ओएसिस और वर्षिनी विश्वनाथन को सीधे गेमों में 21-13, 21-11 से शिकस्त दी। उप्र की जोड़ी ने सटीक स्मैश, शानदार प्लेसमेंट और बेहतर कोर्ट कवरेज के दम पर दोनों खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को वापसी का मौका नहीं दिया।
वहीं, उप्र की श्रुति मिश्रा और मणिपुर की प्रिया कोंजेंगबाम की जोड़ी ने साक्षी गहलावत और दिव्या आर बालासुब्रह्मण्यम को 21-10, 21-7 से हराया। श्रुति और प्रिया ने बेहतर तालमेल और तेज रिटर्न से पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा। महिला युगल में श्रेया बालाजी-प्रणवी नटराजन और मान्या रल्हान-रेशिका उथयोसूरियन की भारतीय जोड़ियों ने भी अगले दौर में प्रवेश किया।
हरिहरन और अर्जुन ने दर्ज की जीत
पुरुष युगल में हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन की तीसरी वरीय जोड़ी ने अभिनाश मोहंती और आयुष पटनायक को 21-13, 21-23, 21-9 से हराया। हालांकि, दिन का सबसे बड़ा उलटफेर साई प्रतीक के और रूबन कुमार रथीनसबपति ने किया। भारतीय जोड़ी ने इंग्लैंड के एलेक्स ग्रीन और जैक रस को 17-21, 22-20, 21-19 से पराजित किया।
पहला गेम गंवाने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। दूसरे गेम में करीबी मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद निर्णायक गेम में भी संयम बनाए रखा। इसके अलावा महिला युगल में अदिति भट्ट और श्रवाणी वालेकर ने रितिका ठाकेर के साथ खेल रहीं उप्र की सोनाली सिंह को 21-15, 18-21, 21-11 से हराया। सोनाली और रितिका ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबले में वापसी की, लेकिन निर्णायक गेम में अदिति-श्रवाणी की जोड़ी भारी पड़ी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।