साइना नेहवाल ने की भविष्यवाणी, Asian Games 2026 में बैडमिंटन से आ सकते हैं 3-4 मेडल
भारत की पूर्व स्टार शटलर साइना नेहवाल ने कहा कि एशियन गेम्स 2026 में बैडमिंटन से तीन-चार मेडल मिल सकते ...और पढ़ें

साइना नेहवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। पूर्व भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने आगामी एशियाई खेलों में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि देश को बैडमिंटन में कम से कम तीन पदक मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी, पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और महिला सिंगल्स में पीवी सिंधू से पदक की उम्मीद जताई। साइना ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी इस सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम आत्मविश्वास से भरी है।
हालांकि, चार साल में एक बार होने वाले एशियाई खेलों का दबाव अलग होता है और खिलाड़ियों को उम्मीदों से निपटना होगा। एशियाई खेलों का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर हो रहा है।
साइना ने विशेष बातचीत में कहा, इन एशियाई खेलों में सात्विक और चिराग के पास लगातार दूसरी बार पदक जीतने की क्षमता है, लेकिन पुरुष युगल में चीन, कोरिया समेत कई टीमें बेहद मजबूत हैं।
उन्होंने आयुष शेट्टी को संभावित 'डार्क हार्स' बताते हुए कहा कि आयुष हर मैच में हार नहीं मानने वाला रवैया दिखाते हैं और इस साल दो बार विश्व नंबर एक खिलाड़ी को हरा चुके हैं।
हालांकि, उनके लिए यह पहला एशियाई खेल होगा और दबाव एक चुनौती हो सकता है। साइना ने पीवी सिंधू के हालिया प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिंधू बड़े टूर्नामेंट की खिलाड़ी हैं और जापान में उनका रिकार्ड भी अच्छा रहा है। उनके अनुभव से भारत को फायदा मिल सकता है।
