विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय पुरुष टीम ने मेजबान जापान को पटखनी देकर पक्‍का किया बैडमिंटन में मेडल, महिला टीम ने किया निराश

Published: Tue, 22 Sep 2026 06:18 PM (IST)

एशियन गेम्‍स 2026 में बैडमिंटन स्‍पर्धा में भारत की पुरुष टीम ने प्रभावित करते हुए मेडल पक्‍का कर लिया है। ...और पढ़ें

लक्ष्य सेन

लक्ष्य सेन

HighLights

  1. भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने पक्‍का किया मेडल

  2. भारतीय पुरुष टीम ने जापान को 3-0 से हराया

  3. भारतीय महिला टीम के मेडल का इंतजार बढ़ा

प्रेट्र, नागोया। लक्ष्य सेन ने वापसी करते हुए शानदार जीत हासिल की, जिसकी मदद से भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को 3-0 से हराकर एशियाई खेलों में पदक पक्का कर दिया। भारतीय पुरुष टीम ने पिछले चरण में रजत पदक जीता था।

अब बुधवार को सेमीफाइनल में भारत का सामना मौजूदा चैंपियन चीन और कोरिया के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। एशियाड से पहले लगातार कुछ टूर्नामेंट में शुरुआती दौर से बाहर होने के कारण लक्ष्य का मनोबल थोड़ा गिरा हुआ था, उन्होंने पहला गेम गंवाकर शुरुआत की और निर्णायक गेम में 14-19 से पिछड़ने के बाद हार की कगार पर थे।

चिराग-रेड्डी की जोड़ी का कमाल

लेकिन अल्मोड़ा के 25 वर्षीय खिलाड़ी ने अपनी काबिलियत के बूते लगातार सात अंक हासिल कर दुनिया के सातवें नंबर और दो बार के विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता कोडाई नाराओका को 11-21, 21-5, 21-19 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

इस सत्र में दो खिताब जीतने वाली सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पूर्व विश्व चैंपियन होकी ताकुरो और कोबायाशी युगो की जोड़ी को 21-18, 24-22 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

इसके बाद आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया के 16वें नंबर के कोकी वातानाबे को 21-10, 21-19 से हराने के साथ मुकाबला और भारत का पदक पक्का कर दिया।

महिला टीम पदक की दौड़ से बाहर

विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली त्रीसा जाली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन सिंगल्स खिलाड़ियों के लड़खड़ाने के कारण भारतीय महिला बैडमिंटन टीम मंगलवार को एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में जापान से 1-3 की हार के साथ पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने मुकाबले की शुरुआत की। उन्होंने दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची के विरुद्ध अच्छी शुरुआत की, लेकिन दबाव कायम नहीं रख सकीं और शुरुआती सिंगल्स मुकाबले में 23-21, 18-21, 6-21 से हार गईं।

तन्‍वी शर्मा पार नहीं कर पाईं बाधा

इसके बाद उन्नति हुड्डा 2022 की विश्व जूनियर चैंपियन और मौजूदा विश्व नंबर सात तोमोका मियाजाकी के विरुद्ध कोई रास्ता नहीं तलाश सकीं और 16-21, 18-21 से हार गईं। इसके साथ जापान ने 2-0 की बढ़त बना ली।

त्रीसा और गायत्री ने पहले डबल्स मुकाबले में युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो को 21-17, 21-16 से हराकर भारत की वापसी की उम्मीद जगाई और स्कोर 1-2 कर दिया।

यह भी पढ़ें- भारतीय महिला क्रिकेट टीम के गोल्डन कमाल से पीएम नरेंद्र मोदी भी हुए गदगद, तारीफ में पढ़े कसीदे

यह भी पढ़ें- IND vs SL Final Live: भारतीय बेटियों ने रचा इतिहास, एशियन गेम्‍स 2026 में देश को दिलाया पहला गोल्‍ड