विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनना चाहता था क्रिकेटर बन गया रग्बी प्लेयर, टीम इंडिया का रहा कप्तान; फिल्मों में भी कमाया नाम

Published: Sun, 18 Oct 2026 05:14 PM (IST)

राहुल बोस, जो बचपन में क्रिकेटर बनना चाहते थे, रग्बी के प्रति आकर्षित हुए और भारतीय टीम के कप्तान बने। ...और पढ़ें

रग्बी प्लेयर ने किया फिल्मों में काम

रग्बी प्लेयर ने किया फिल्मों में काम

HighLights

  1. राहुल बोस ने क्रिकेट छोड़ रग्बी में भारतीय टीम की कप्तानी की

  2. खेल के साथ-साथ फिल्मों में भी बनाई अपनी खास पहचान

  3. वर्तमान में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष, खेल को बढ़ावा दे रहे हैं

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत में जो बच्चा क्रिकेट खेलना शुरू करता है उसकी तमन्ना रहती है कि वह टीम इंडिया के लिए खेले। राहुल बोस की भी यही तमन्ना थी, लेकिन फिर उनका दिल रग्बी पर आ गया और उन्होंने क्रिकेट छोड़ दिया। क्रिकेट में वह टीम इंडिया के लिए खेल पाते यह तो कहना मुश्किल है, लेकिन रग्बी में वह भारतीय टीम के कप्तान भी रहे। राहुल का करियर सिर्फ रग्बी तक सीमित नहीं रहा बल्कि वह फिल्मों में भी छाए और इस समय उन्हें बतौर एक्टर ही ज्यादा मशहूर हैं।

हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन' में आज कहानी फिल्म अभिनेता राहुल बोस की जिन्होंने अपनी एक्टिंग से दर्शकों को कई यादगार फिल्में दी, लेकिन फिल्मों से ज्यादा प्यार उनको रग्बी से था।

14 साल की उम्र में चढ़ा खुमार

वेबसाइट ईएसपीएन पर 21 सितंबर 2017 को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल 14 साल की उम्र में मुंबई के कैथेड्राल एंड जॉन केनन स्कूल के लिए क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान उनको रग्बी खेलने का ऑफर मिला और उन्होंने इसे अपना लिया। यह सफर जो शुरू हुआ तो टीम इंडिया की कप्तानी तक पहुंचा और इस दौरान वह फिल्में भी कर रहे थे, लेकिन जब रग्बी की बात आती तो वह फिल्मों के लिए बहाने बना देते।

रिपोर्ट में राहुल के हवाले से लिखा गया है, "1994 से 2009 तक मैं 24 फिल्में कर सकता था। मैं पहले अपना रग्बी कैलेंडर देखता था कि किन टूर्नामेंट्स में कब मुझे खेलना है और इसके बाद फिल्मों को लेकर फैसला लेता था।"

संन्यास के बाद भी जारी रखा खेलना

1998 में वह भारत की रग्बी टीम में शामिल हुए जबकि 1994 से वह इस खेल को खेल रहे थे। 2009 में उन्होंने इंटरनेशनल रग्बी को अलविदा कह दिया। मैदान पर वह अधिकतर स्क्रम हाफ या राइट विंगर की पोजीशन पर खेलते थे। संन्यास लेने के बाद भी वह बॉम्बे जिमखाना के लिए खेलते रहे, लेकिन उम्र के कारण फिर धीरे-धीरे उनका खेलना छूट गया।

2021 में वह रग्बी इंडिया के अध्यक्ष बने और इस खेल को आगे जाने की भरसक कोशिश कर रहे है। वह अभी तक इस पद पर बने हुए हैं।

फिल्मों में कमाया नाम

राहुल जब रग्बी खेल रहे थे तब भी फिल्मों में काम करते थे और आज भी करते हैं। उन्होंने हिंदी फिल्मों के अलावा बंगाली फिल्मों में भी काम किया है। वह मिस्टर एंड मिसेज अय्यर, कलपुरुष, अंतहीन, लैपटॉप, द जापनी वाइफ जैसी बंगाली फिल्मों में काम कर चुके हैं। बॉलीवुड में उनके नाम प्यार के साइड इफैक्टस, झंकार बीट्स, दिल धड़कने दो, शौर्या जैसी फिल्में हैं।

यह भी पढ़ें- पिता ने फिरकी पर दुनिया को घुमाया, लेकिन बेटा नहीं कर सका कमाल; इस बीमारी ने खत्म कर दिया क्रिकेट करियर

यह भी पढ़ें- विराट कोहली के खिलाफ खेला ये एक्टर, शिखर धवन का रहा टीम मेट; एक चोट ने तोड़ दिया क्रिकेटर बनने का सपना