14 से 114 मेडल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल खोलकर की भारतीय पैरा एथलीट्स की तारीफ, 2028 एलए पैरालंपिक्स को बनाया लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले पैरा एथलीट्स से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एथलीट्स से मुलाकात की
HighLights
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पैरा एशियाई खेलों के पदक विजेताओं से की मुलाकात
पैरा एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने जीते कुल 114 पदक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खिलाड़ियों ने उपहार भी भेंट किए
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पिछले महीने जापान के आईची नागोया में आयोजित पैरा एशियाई खेल 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया।
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और सफलता पूरे देश के लिए प्रेरणा है। भारतीय खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है। इस अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी मौजूद रहे।
दोहरा स्वर्ण पदक जीतने वाली तीरंदाज शीतल देवी और दृष्टिबाधित धाविका सिमरन सहित कई खिलाड़ी कार्यक्रम में शामिल हुए। खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को उपहार भी भेंट किए। इस दौरान मोदी कुछ खिलाड़ियों को मिठाई खिलाते हुए भी नजर आए।
प्रधानमंत्री ने क्या कहा
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, 'आपका शानदार प्रदर्शन दिखाता है कि भारत दुनिया में खेल महाशक्ति के रूप में उभर रहा है। आपका संघर्ष और आपकी उपलब्धियां हर भारतीय को प्रेरित करती हैं। पहले माता-पिता अपने बच्चों को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने से डरते थे।'
उन्होंने आगे कहा, 'लोगों को लगता था कि ऐसी व्यवस्था में कुछ नहीं हो सकता, जहां प्रतिभाओं को पर्याप्त समर्थन नहीं मिलता। लेकिन खिलाड़ियों की तरह ही सरकार ने भी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और व्यवस्था में बदलाव का फैसला किया।'
मोदी ने कहा, 'हमने तय किया कि देश के युवाओं की प्रतिभा बेकार नहीं जानी चाहिए। जिस व्यवस्था ने आपकी प्रगति में बाधा डाली, हमने उसे बदलने का फैसला किया। अब किसी युवा को अपनी प्रतिभा पर भरोसा है तो उसे यह विश्वास भी है कि पूरा देश उसके साथ खड़ा है।'
रिंकू के जज्बे को सराहा
प्रधानमंत्री ने भाला फेंक खिलाड़ी रिंकू हुड्डा के जज्बे की विशेष रूप से सराहना की। रिंकू ने खेलों से कुछ महीने पहले अपनी मां को खो दिया था और स्वर्ण पदक जीतकर उसे मां को समर्पित किया था। बचपन में एक दुर्घटना के कारण रिंकू का बायां हाथ भी कट गया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने उस पल में पूरे देश को भावुक कर दिया था।
लास एंजिलिस पैरालिंपिक के लिए रहें तैयार
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से पैरा एशियाई खेलों की सफलता का जश्न मनाने के साथ ही भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने 2028 में होने वाले लास एंजिलिस पैरालिंपिक को भारतीय खिलाड़ियों का अगला बड़ा लक्ष्य बताया।
मोदी ने कहा, 'आपको इस सफलता का इस्तेमाल बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए लांचपैड के रूप में करना चाहिए। भारत और आपमें से अधिकतर खिलाड़ियों का अगला लक्ष्य लास एंजिलिस 2028 होना चाहिए। हमारा प्रयास होना चाहिए कि वहां ज्यादा से ज्यादा भारतीय खिलाड़ी हिस्सा लें और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतें। इस पल का जश्न मनाइए और भविष्य की तैयारी शुरू कर दीजिए।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।