विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेल मंत्री से मिले पैरा निशानेबाज, PCI पर लगाए गंभीर आरोप

Published: Sat, 10 Oct 2026 12:52 PM (IST)

आगामी आइची-नागोया पैरा एशियाई खेलों की चयन प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ पैरा निशानेबाजों ने खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की।

पैरा निशानेबाजों ने खेल मंत्री से की मुलाकात

पैरा निशानेबाजों ने खेल मंत्री से की मुलाकात

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, नई दिल्ली: आगामी आइची-नागोया पैरा एशियाई खेलों की चयन प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पैरा निशानेबाजों ने शुक्रवार को खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। उन्होंने खेल प्रशासन में कथित खामियों को लेकर अपनी चिंताएं रखीं। यह बैठक भारतीय दल के विदाई समारोह में निशानेबाजों के विरोध प्रदर्शन के एक दिन बाद हुई।

तीन निशानेबाजों के प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने 18 अक्टूबर से शुरू होने वाले खेलों के लिए चार ऐसे निशानेबाजों को शामिल करने के मकसद से चयन नियमों में ढील दी, जो तय मानदंडों पर खरे नहीं उतरते थे।

समाधान निकालने की कोशिश जारी

एशिया में तीसरी रैंकिंग वाले पैरा पिस्टल निशानेबाज संदीप कुमार ने पहले चयन प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप लगाया था। उनका दावा था कि महाद्विपीय रैंकिंग में 14वें स्थान पर मौजूद रुद्रांश खंडेलवाल को उनसे और मौजूदा एशियाई नंबर एक आकाश से आगे चुन लिया गया।

खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंत्री ने खिलाड़ियों की बात सुनी और उनकी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। मामले को बेहतर तरीके से सुलझाने पर चर्चा जारी है। निशानेबाजों ने चयन प्रक्रिया में कथित वित्तीय भ्रष्टाचार, जबरन वसूली और हेरफेर की तत्काल स्वतंत्र जांच की मांग भी की।

'नुकसान पहुंचा रही है पीसीआई'

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक को बुधवार को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने पीसीआई अधिकारियों और उसकी निशानेबाजी तकनीकी समिति (एसटीसी) पर गैर-कानूनी तरीके से पैसे वसूलने, भ्रष्टाचार और खेल मंत्रालय के दिशानिर्देशों के उल्लंघन का आरोप लगाया। बैठक में शामिल एक निशानेबाज के अनुसार, पीसीआई का मानना है कि मामला मीडिया में उजागर होने के बाद खिलाड़ियों के नाम भेजना उसके लिए अपमानजनक होगा। खिलाड़ियों ने कहा कि उन्होंने कोटे छोड़ दिए हैं और अब कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने मंत्री से कहा कि योग्य खिलाड़ियों को नहीं भेजकर पीसीआई देश की पदक संभावनाओं को नुकसान पहुंचा रही है। इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा।

यह भी पढ़ें- एशियाई पैरा खेलों से पहले भड़के निशानेबाज, बीच इवेंट में मचा दिया बवाल; बैकफुट पर पीसीआई

यह भी पढ़ें- WSPS पैरा शूटिंग विश्व चैंपियनशिप: महिला टीम ने जीता गोल्ड, मोना अग्रवाल को रजत और अवनि लेखरा को कांस्य