IOA Elections 2026: अश्विनी नाचप्पा ने चुनावों को लेकर उठाए सवाल, नाम वापस लेने के लिए लगाया दबाव बनाने का आरोप
पूर्व धाविका अश्विनी नाचप्पा ने IOA SOAM चुनाव से नाम वापस लेने के लिए बाहरी दबाव का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

अश्विनी नाचप्पा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। भारत की पूर्व धाविका अश्विनी नाचप्पा ने बुधवार को आरोप लगाया कि उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (SOAM) के चुनाव से अपना नाम बाहरी दबाव के कारण वापस लिया था। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए।
हालांकि 59 वर्षीय नाचप्पा ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन पर किसकी ओर से दबाव बनाया गया था और सोमवार को ऑनलाइन आयोजित हुए आईओए एसओएम चुनाव से नाम वापस लेने के लिए उनसे किस तरह कहा गया था। नाचप्पा उन शुरुआती 11 उम्मीदवारों में शामिल थीं जिन्होंने महिला एसओएम की चार सीटों के लिए नामांकन दाखिल किया था।
मेरे ऊपर दबाव बनाया गया: अश्विनी नाचप्पा
इन चार निर्वाचित प्रतिनिधियों को पांच दिसंबर को होने वाले आईओए की कार्यकारी परिषद के चुनाव में मतदान करने और उम्मीदवार बनने का अधिकार मिलता। नाचप्पा ने कहा कि मुझे नाम वापस लेने के लिए कहा गया था। जिन लोगों ने भी नाम वापस लिया, उन सभी से बाहरी दबाव में ऐसा करने को कहा गया था। यह स्वेच्छा से लिया गया फैसला नहीं था। मैं इतना जरूर कह सकती हूं। यह चुनाव की पारदर्शिता के बारे में बहुत कुछ बताता है।
उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कि यह बहुत दुखद है। मेरे विचार से किसी भी परिस्थिति में आप इतने बड़े कद के खिलाड़ी का अपमान नहीं कर सकते। जीत या हार मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा कि मुझे लगा था कि चीजें बदल गई हैं, लेकिन मुझे लगता है कि हालात आज भी वैसे ही हैं, जैसे 30 साल पहले जब मैं प्रतिस्पर्धा करती थी।
नाचप्पा ने भारत के लिए जीते थे स्वर्ण पदक
नाचप्पा दो एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने 1985, 1987 और 1991 की एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीते थे। इसके अलावा 1989 की एशियाई चैंपियनशिप में उन्होंने व्यक्तिगत 200 मीटर और चार गुणा 100 मीटर रिले में रजत पदक हासिल किए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।