Asian Games 2026: स्क्वाश में पुरुष और महिला टीम का बेजोड़ प्रदर्शन, सेमीफाइनल में पहुंचकर पक्का किया मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए मेडल पक्का कर लिया। पुरुषों ने कुवैत तो महिलाओं ने सिंगापुर को मात दी।

भारत की पुरुष और महिला स्क्वाश टीम
HighLights
पुरुष-महिला स्क्वाश टीम ने पदक किया पक्का
पुरुष-महिला स्क्वाश टीमें सेमीफाइनल में पहुंची
पुरुषों ने कुवैत तो महिलाओं ने सिंगापुर को हराया
प्रेट्र, नागोया। भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने बुधवार को क्रमशः कुवैत और सिंगापुर को हराकर एशियाई खेलों की स्क्वाश प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई और इस तरह से अपने लिए पदक पक्के किए। शीर्ष वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने क्वार्टर फाइनल में कुवैत पर 2-0 से जीत हासिल की।
वीर चोटरानी ने पहले सिंगल्स मुकाबले में बदर अलमोगरेबी के विरुद्ध काफी पसीना बहाया, लेकिन आखिर में वह 34 मिनट तक चले मैच में 12-10, 8-11, 11-0, 11-5 से जीत हासिल करने में सफल रहे।
भारत के शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी और सिंगल्स में रजत पदक जीतने वाले अभय सिंह ने दूसरे सिंगल्स में अम्मार अल्तमिमी पर 11-3, 11-4, 11-8 से जीत हासिल करके टीम की सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित की।
अनाहत का शानदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में अनाहत सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराया। भारत की तरफ से तन्वी खन्ना ने शुरुआत करते हुए पहले सिंगल्स मैच में औ येओंग वाई इयन को 11-6, 4-11, 15-13, 11-1 से पराजित किया।
व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली अनाहत ने दूसरे सिंगल्स मुकाबले में केवल 22 मिनट में औ योंग वाई यान को 11-7, 11-3, 11-4 से हराकर भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
चिनप्पा को खेलना नहीं पड़ा
इस तरह से मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीतने वाली अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा को कोर्ट में उतरने की जरूरत नहीं पड़ी। सेमीफाइनल बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। भारत ने पूल सी के अपने पहले दो मैचों में चीन और जापान को हराने के बाद मंगलवार को ग्रुप चरण के अपने आखिरी मैच में ईरान को 3-0 से हराया था।
