Hong Kong Open: लक्ष्य सेन ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, सात्विक-चिराग का भी दमदार प्रदर्शन; रक्षिता के हाथ लगी निराशा
लक्ष्य सेन ने हांगकांग ओपन के पुरूष एकल में सेमीफाइनल में जगह बना लिया है। वहीं सात्विक-चिराग की जोड़ी भी अंतिम-चार में पहुंच गई है।

भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, कोवलून (हांगकांग)। भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को तीन गेम में हराकर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में अपनी जगह पहले ही पक्की कर चुके अल्मोड़ा के 25 वर्षीय खिलाड़ी लक्ष्य ने क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त लोह को 21-17, 10-21, 21-13 से हराया।
हाल में हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान का खिताब जीतने वाले लक्ष्य सेमीफाइनल में एंडर्स एंटोनसेन और चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त झू ज़ुआन चेन के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता से भिड़ेंगे।
सात्विक-चिराग की जोड़ी का भी कमाल
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने चीन के हू के युआन और लिन जियांग यी को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर पुरुष डबल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
भारतीय जोड़ी ने पहला गेम आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे गेम में वे अपनी लय खो बैठे। हालांकि उन्होंने बाद में वापसी करते हुए 59 मिनट में 21-12, 13-21, 21-16 से जीत हासिल की।
सात्विक और चिराग फाइनल में जगह बनाने के लिए डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड और मैड्स वेस्टरगार्ड या मलेशिया के मैन वेई चोंग और टी काई वुन में से किसी एक का सामना करेंगे।
रक्षिता रामराज का सफर खत्म
महिला सिंगल्स में रक्षिता रामराज का शानदार सफर क्वार्टर फाइनल में थाइलैंड की पांचवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से 19-21, 16-21 से हार के साथ समाप्त हो गया।
रक्षिता ने प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फी को 21-18, 24-22 से हराकर उलटफेर किया था। उन्होंने पहले दौर में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ड को हराया था।
यह भी पढ़ें- IND A vs Nepal Live Score: तिलक के बाद कुमार कुशाग्र ने भी ठोका अर्धशतक, 150 के पार पहुंचा टीम इंडिया का स्कोर
यह भी पढ़ें- सैंडपेपरगेट का भूत भारत दौरे पर भी पैट कमिंस को करेगा परेशान, मैथ्यू हेडन ने की ऑस्ट्रेलिया को डराने वाली भविष्यवाणी