Exclusive: भारत में एमएमए का भविष्य बहुत उज्ज्वल, यहां प्रतिभा की कमी नहीं: कार्लोस प्रेट्स
यूएफसी वेल्टरवेट फाइटर कार्लोस प्रेट्स ने भारत में एमएमए के उज्ज्वल भविष्य और प्रतिभा की कोई कमी न होने की ...और पढ़ें

कार्लोस प्रेट्स

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नितिन नागर, जागरण, नई दिल्ली। पहली बार भारत आए यूएफसी वेल्टरवेट फाइटर कार्लोस प्रेट्स का मानना है कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और इस देश में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। केवल जरूरत इसे बढ़ावा देने और निवेश की है। ब्राजीली फाइटर प्रेट्स ने कहा कि भारत और ब्राजील में खेल, संगीत और जश्न का अपना अलग जुनून है। दोनों जगह के लोगों में उत्साह और जिंदगी को खुलकर जीने का अंदाज देखने को मिलता है। कार्लोस प्रेट्स से नितिन नागर ने विशेष बातचीत की। पेश हैं प्रमुख अंश :
भारत की यह आपकी पहली यात्रा है। आपका अनुभव कैसा रहा और आप यहां क्या करने को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित थे?
भारत बहुत अच्छा देश है। मैं यहां आने को लेकर काफी उत्साहित था। मेरी इच्छा थी कि मैं यहां कुछ और समय बिता पाता। यहां के खानपान, संस्कृति और अलग-अलग जगहों को देखने के लिए मैं खासा उत्सुक था। अब तक का अनुभव बहुत अच्छा रहा है।
ब्राजील और भारत, दोनों देशों के लोग खेल, संगीत और उत्सवों को बहुत पसंद करते हैं। आपको दोनों देशों के लोगों में क्या समानता नजर आती है?
मुझे लगता है कि दोनों देशों के लोगों का खुशमिजाज होना सबसे बड़ी समानता है। यहां के लोग भी जश्न मनाना और खुश रहना पसंद करते हैं। यही बात मुझे ब्राजील और भारत के बीच सबसे ज्यादा मिलती-जुलती लगी।
फाइट की तैयारी के दौरान फाइटरों को बेहद अनुशासित डाइट लेनी पड़ती है। जब आपकी कोई फाइट नहीं होती तो आपका पसंदीदा चीट मील क्या होता है? और भारत के किस व्यंजन को चखना चाहेंगे?
जब मेरी कोई फाइट नहीं होती तो मैं हर तरह का खाना पसंद करता हूं। मुझे पिज्जा, पास्ता, बर्गर सब कुछ अच्छा लगता है। मैं खाने के मामले में बहुत ज्यादा चुनाव नहीं करता। जहां तक भारतीय खाने की बात है तो आज मैंने चाय और कुछ व्यंजन चखे। एक चीज खाई थी जिसे ब्रेड के साथ खाते हैं। हालांकि उसका नाम याद नहीं है, लेकिन उसका स्वाद बहुत अच्छा था।
आपका रिंग का नाम 'द नाइटमेयर' है। यह नाम किसने दिया और क्या आपको लगता है कि यह आपकी फाइटिंग शैली को बखूबी बयां करता है?
हां, मुझे लगता है कि यह नाम मेरी फाइटिंग शैली के अनुकूल है। दरअसल, यह ब्राजील की एक बच्चों की टीवी सीरीज के किरदार से आया है। उस किरदार का नाम पुर्तगाली में 'पेसादेलो' है, जिसका अंग्रेजी में अर्थ 'नाइटमेयर' होता है। मेरे दोस्तों को लगता था कि मैं उस किरदार जैसा दिखता हूं। इसी वजह से उन्होंने मुझे यह नाम दे दिया।
यूएफसी तक पहुंचने के लिए आपने वर्षों तक कड़ी मेहनत की। आपके करियर का सबसे मुश्किल दौर कौन-सा था और उस समय आपको किस चीज ने आगे बढ़ने की प्रेरणा दी?
मुझे लगता है कि करियर की शुरुआत सबसे मुश्किल होती है। शायद हर फाइटर के लिए ऐसा ही होता है। जब आप फाइटर बनना शुरू करते हैं तो आपके पास पैसे नहीं होते। परिवार के लोग भी कई बार आपके फाइट करने के फैसले से खुश नहीं होते। इसलिए शुरुआत का दौर सबसे कठिन होता है।
भारत में अंशुल जुबली, पूजा तोमर और अरशियन मेमन जैसे फाइटर यूएफसी तक पहुंचे हैं। यहां एमएमए के प्रशंसकों की संख्या भी बढ़ रही है। आपको भारत में इस खेल का भविष्य कैसा नजर आता है?
मुझे लगता है कि भारत में एमएमए बहुत बड़ा खेल बन सकता है। यहां आबादी बहुत ज्यादा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भी कमी नहीं होगी। सबसे पहले इस खेल को यहां विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए सरकार और अन्य संस्थाओं से निवेश मिलना चाहिए। ऐसा होने पर भारत में भी अच्छे फाइटर सामने आएंगे।
क्या आपने अंशुल या पूजा जैसे भारतीय यूएफसी फाइटरों को आक्टागन में खेलते देखा है? भारत की अगली पीढ़ी के फाइटरों को क्या सलाह देना चाहेंगे?
सच कहूं तो मैं एमएमए का बहुत बड़ा प्रशंसक नहीं हूं और ज्यादा फाइट नहीं देखता। मैं तभी मुकाबले देखता हूं जब मेरा कोई दोस्त या मेरा पसंदीदा फाइटर लड़ रहा होता है। मुझे फुटबाल देखना ज्यादा पसंद है। जहां तक भारत के युवा फाइटरों की बात है तो मेरी सलाह है कि वे खूब मेहनत करें, लगातार ट्रेनिंग करें, धूम्रपान न करें और शराब से दूर रहें। बस, अपने लक्ष्य पर ध्यान दें।
आक्टागन के बाहर कार्लोस प्रेट्स के बारे में ऐसी कौन-सी बात है, जिसे जानकर प्रशंसकों को हैरानी हो सकती है?
यह वाकई मुश्किल सवाल है। मुझे लगता है कि मैं इंटरनेट मीडिया पर अपनी जिंदगी से जुड़ी लगभग हर चीज साझा करता हूं। मैं क्या करता हूं और कैसे रहता हूं, यह सब वहां दिखाता हूं। इसलिए मुझे लगता है कि प्रशंसक मेरे बारे में काफी कुछ जानते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।