ईशा और मनु ने भारत को 25 मीटर पिस्टल में दिलाया स्वर्ण पदक, व्यक्तिगत शूटिंग के फाइनल में भी जगह की पक्की
ईशा सिंह और मनु भाकर के दमदार प्रदर्शन की वजह से भारतीय महिला टीम ने विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत लिया है।

ईशा सिंह और मनु भाकर का दमदार प्रदर्शन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, दोहा। भारत की स्टार पिस्टल निशानेबाज और एशियाई खेलों में कई पदक जीत चुकीं ईशा सिंह ने मंगलवार को आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक दिलाया।
ईशा ने दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह पक्की कर ली है। ईशा ने दो दिन तक चली क्वालीफिकेशन स्पर्धा में 590 अंकों के साथ भारतीय तिकड़ी में शीर्ष स्थान हासिल किया।
मनु भाकर के 587 और दिव्या सुब्बाराजू के 584 अंकों की बदौलत भारतीय टीम ने कुल 1761 अंक जुटाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रही।
ईशान और मनु ने बनाई फाइनल में जगह
भारत की प्रमुख पिस्टल निशानेबाजों में शामिल 21 वर्षीय ईशा ने व्यक्तिगत पदक के साथ-साथ 2028 लास एंजिलिस ओलिंपिक का कोटा हासिल करने की अपनी उम्मीदें भी मजबूत कर ली हैं।
उन्होंने क्वालीफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल करते हुए आठ निशानेबाजों के फाइनल में प्रवेश किया। जर्मनी की डोरेन वेनकैम्प ने 592 अंकों के साथ ओलिंपिक रिकार्ड की बराबरी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
हंगरी की अनुभवी निशानेबाज वेरोनिका मेजर 591 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।विश्व चैंपियनशिप से पहले लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही मनु भाकर ने भी शानदार वापसी करते हुए फाइनल में जगह बना ली।
वह 587 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहीं। दिव्या सुब्बाराजू बेहद मामूली अंतर से फाइनल में पहुंचने से चूक गईं और 10वें स्थान पर रहीं। ईशा ने सोमवार को प्रिसिजन चरण में 292 अंक हासिल किए थे, लेकिन मंगलवार को रैपिड चरण में दमदार वापसी की।
उन्होंने तीन सीरीज में क्रमशः 100, 98 और 100 अंक अर्जित किए। इस तरह रैपिड चरण में 298 अंक और कुल 590 अंकों के साथ उन्होंने अपना अभियान शानदार ढंग से आगे बढ़ाया।
मनु भाकर ने भी प्रिसिजन चरण के 289 अंकों के बाद रैपिड चरण में बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन सीरीज में 99, 99 और 100 अंक हासिल कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
यह भी पढ़ें- ऋषभ पंत हुए फिट, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले भारत को मिली बड़ी खुशखबरी!
यह भी पढ़ें- 'मैं वापस आऊंगा', टेस्ट टीम से निकाले जाने के बाद सामने आया मार्नस लाबुशेन का पहला रिएक्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।