IRS अधिकारी एकता बिश्नोई ने अमेरिका में लहराया भारत का परचम, तीन स्वर्ण पदक जीत रचा इतिहास
भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी ने अमेरिका में इतिहास रच दिया है। उन्होंने वर्ल्ड मास्टर्स क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीते।

एकता बिश्नोई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
आईएएनएस, रेनो (यूएस)। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी एकता बिश्नोई ने यूनाइटेड स्टेट्स में वर्ल्ड मास्टर्स क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीतकर रिकार्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
एकता ने कुल 362.5 किलोग्राम वजन उठाकर शानदार प्रदर्शन किया और जापान व कनाडा की मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह मास्टर्स-2 कैटेगरी में इस चैंपियनशिप का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला पावरलिफ्टर बन गई हैं।
वीडियो कॉल के जरिए कोच से मिला मार्गदर्शन
एकता एक आईआरएस अधिकारी के तौर पर अपनी हाई-स्टेक्स सरकारी जिम्मेदारियों के साथ-साथ कड़ी पावरलिफ्टिंग ट्रेनिंग भी कर रही हैं। मुश्किलों के अलावा, टूर्नामेंट से ठीक पहले भारतीय टीम के कोच सुनील कुमार को भी झटका लगा जब उनका यूएस वीजा रिजेक्ट कर दिया गया।
चुनौतियों के सामने हार मानने के बजाय एकता ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को तेजी से ढाला। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए अपने कोच सुनील से लगातार मार्गदर्शन लिया, जबकि टीम अधिकारी बीनू इब्राहिम ने मौके पर रहकर जरूरी सहयोग प्रदान किया। इसी तालमेल और रणनीतिक तैयारी की बदौलत एकता ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
