विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Volleyball Champions League: दिल्ली डायनामाइट्स ने एम्पीरिया मराठाज को हराकर जीता खिताब, ट्रॉफी के साथ मिला करोड़ों का इनाम

Published: Sat, 24 Oct 2026 07:50 PM (IST)

दिल्ली डायनामाइट्स ने एम्पीरिया मराठाज को हराकर वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का खिताब अपने नाम कर लिया है। दिल्ली को इस दौरान 2 करोड़ रूपये की इनामी राशि भी मिली।

दिल्ली डायनामाइट्स ने जीता खिताब

दिल्ली डायनामाइट्स ने जीता खिताब

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नोएडा। दिल्ली डायनामाइट्स ने शुक्रवार को नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए वॉलीबॉल चैंपियंस लीग (VCL) के रोमांचक फाइनल में एम्पीरिया मराठाज को 3-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

इस जीत के साथ दिल्ली डायनामाइट्स ने खिताबी ट्रॉफी उठाई और विजेता के तौर पर ₹2 करोड़ की इनामी राशि अपने नाम की। वहीं, उपविजेता एम्पीरिया मराठाज को ₹1 करोड़ मिले।

पहला सेट हारने के बाद दिल्ली की जबरदस्त वापसी

खिताबी मुकाबले में एम्पीरिया मराठाज ने शानदार शुरुआत की और पहला सेट 25-22 से जीतकर दिल्ली डायनामाइट्स पर शुरुआती दबाव बना दिया। हालांकि, दिल्ली ने जोरदार वापसी करते हुए अपने खेल का स्तर बढ़ाया और लगातार तीन सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

दिल्ली डायनामाइट्स ने दूसरे सेट में 25-19 से जीत दर्ज करते हुए मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया। तीसरा सेट मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुआ, जिसमें दोनों टीमों के बीच हर अंक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली।

बेहद रोमांचक मुकाबले में स्कोर बराबर रहने के बाद दिल्ली ने संयम बनाए रखा और 31-29 से सेट जीतकर खिताब से सिर्फ एक सेट दूर रह गई।

तीसरे सेट में मिली जीत के बाद दिल्ली डायनामाइट्स का आत्मविश्वास और बढ़ गया। टीम ने चौथे सेट में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा और पूरे खेल पर नियंत्रण बनाए रखते हुए 25-19 से सेट जीत लिया। इस तरह दिल्ली ने यादगार वापसी करते हुए मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया।

शुभम चौधरी को बने प्लेयर ऑफ द मैच

दिल्ली की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले शुभम चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रोमांचक फाइनल के बाद शुभम ने कहा, “वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का खिताब जीतना पूरी टीम के लिए बेहद खास एहसास है। पहला सेट गंवाने के बाद हम एकजुट रहे, अपनी तैयारी पर भरोसा रखा और एक-एक अंक जीतने पर ध्यान दिया। तीसरा सेट खास तौर पर महत्वपूर्ण था और एक-दूसरे पर हमारे भरोसे ने मुकाबले का रुख बदलने में मदद की। यह जीत टीम की कड़ी मेहनत और सामूहिक प्रयास का नतीजा है।”

यह जीत दिल्ली डायनामाइट्स के शानदार अभियान का समापन रही। टीम ने शुरुआती झटके के बाद दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबले में जीत हासिल की।

दूसरी ओर, एम्पीरिया मराठाज ने पहला सेट जीतकर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दिल्ली की जोरदार वापसी और अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन ने अंततः मुकाबले का फैसला किया। एसआर सिवाराजन को फाइनल में उनके योगदान के लिए इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली डायनामाइट्स की जीत के साथ VCL के पहले सत्र का शानदार समापन हुआ। टीम ने दृढ़ संकल्प, आपसी तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। चैंपियन दिल्ली डायनामाइट्स को ₹2 करोड़ की इनामी राशि मिली, जबकि उपविजेता एम्पीरिया मराठाज ने ₹1 करोड़ हासिल किए।

यह भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस ने किया कायरन पोलार्ड का प्रमोशन, बनाए गए हेड कोच

यह भी पढ़ें- सामने आ गई WTC 2029 के फाइनल की तारीख, ओलंपिक क्रिकेट क्वालीफायर को लेकर भी आईसीसी ने लिया बड़ा फैसला