Badminton World Championships: सिंधु, लक्ष्य और सात्विक-चिराग की राह आसान, आयुष के सामने पहले ही दौर में चीन की 'दीवार'!
पांच बार की पदक विजेता पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की पुरुष डबल्स जोड़ी को बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के लिए बुधवार को आसान ड्रॉ मिला।
-1785989988209_m.webp)
पीवी सिंधू
HighLights
पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन को मिला आसान ड्रॉ
सिंधू अपने अभियान की शुरुआत सोफिया के विरुद्ध करेंगी
नई दिल्ली, पीटीआई। पांच बार की पदक विजेता पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी की पुरुष डबल्स जोड़ी को बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप के लिए बुधवार को आसान ड्रॉ मिला, लेकिन आयुष शेट्टी को पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में चीन के शीर्ष वरीय शी यु कि की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
भारत को पांचों वर्ग पुरुष सिंगल्स, महिला सिंगल्स, पुरुष डबल्स, महिला डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में दो-दो प्रतिनिधित्व मिले हैं। डबल्स वर्ग में वरीयता प्राप्त सभी 16 जोड़ियों को पहले दौर में बाई मिली है। विश्व चैंपियनशिप में छठा पदक जीतने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनने के लिए चुनौती पेश कर रहीं नौवीं वरीय सिंधू अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की सोफिया नोबल के विरुद्ध करेंगी।
इस भारतीय खिलाड़ी की सेमीफाइनल तक ही राह आसान रहने की उम्मीद है जहां उन्हें शीर्ष वरीय दक्षिण कोरिया की आन से यंग से भिड़ना पड़ सकता है। महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा को पहले दौर में म्यांमार की थेट टार हुजार से भिड़ना है।
पुरुष सिंगल्स में 14वें वरीय लक्ष्य को पहले दौर में आस्ट्रिया के कोलिन्स वेलेन्टाइन फिलमोन का सामना करना है। लक्ष्य अगर शुरुआती दो दौर की बाधा पार करने में सफल रहते हैं तो तीसरे दौर में उनका सामना थाईलैंड के दूसरे वरीय कुनलावत वितिदसार्न से हो सकता है।
सात्विक-चिराग को पहले राउंड में मिली बाई पुरुष डबल्स में सात्विक और चिराग की पांचवीं वरीय जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली है जबकि हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत स्काट गिल्डिया और पाल रेनाल्ड्स की आयरलैंड की जोड़ी के विरुद्ध करेगी।
महिला डबल्स में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी अपने अभियान की शुरुआत निकोल कारुला और कारमेन मारिया जिमेनेज की स्पेन की जोड़ी के विरुद्ध करेगी जबकि त्रीशा जाली और गायत्री गोपीचंद भी पहले दौर में पाला लोपेज और लूसिया रोड्रिग्ज की स्पेन की ही जोड़ी का सामना करेगी। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की 15वीं वरीय जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली है जबकि रोहन कपूर और रुत्विक शिवानी गाडे को जोनाथन बिंग सान लेइ और क्रिस्टल लेइ की कनाडा की जोड़ी से खेलना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।