विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Asian Games 2026: कुमकुम ने छोड़ा ऐतिहासिक तीर, भारत को दिलाया पहला गोल्ड; लगा दी मेडल वाली हैट्रिक

Published: Sat, 03 Oct 2026 08:50 AM (IST)

एशियन गेम्स 2026 में कुमकुम मोहोद ने व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी में भारत के लिए ऐतिहासिक पहला स्वर्ण पदक जीता है। ...और पढ़ें

कुमकुम ने रचा इतिहास

कुमकुम ने रचा इतिहास

HighLights

  1. कुमकुम मोहोद ने व्यक्तिगत रिकर्व आर्चरी में गोल्ड मेडल जीता

  2. यह एशियन गेम्स में भारत का इस इवेंट में पहला गोल्ड

  3. कुमकुम ने इन खेलों में कुल तीन मेडल जीतकर हैट्रिक लगाई

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स-2026 में भारतीय आर्चरों ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। कल आर्चरी में भारत को तीन मेडल मिले जिसमें से एक गोल्ड था जो महिला रिकर्व टीम ने दिलाया था। उस टीम का हिस्सा रहीं कुमकुम मोहोद ने एक और कमाल कर दिया है। उन्होंने रिकर्व आर्चरी के व्यक्तिगत इवेंट में भी गोल्ड मेडल जीता है। यह एशियन गेम्स में इस इवेंट में भारत का पहला गोल्ड मेडल है।

17 साल की कुमकुम ने फाइनल में साउथ कोरिया की येजिन ओह को 5-5 से मुकाबला टाई रहने के बाद शूट ऑफ में 6-5 से मात दी। गोल्ड मेडल एक आखिरी प्रयास से तय हुआ जिसमें कुमकुम ने परफेक्ट 10 का स्कोर किया और देश की झोली में गोल्ड मेडल डाला। यह कुमकुम का इस एशियन गेम्स में तीसरा मेडल है। महिला रिकर्व टीम के साथ गोल्ड जीतने के अलावा उन्होंने धीरज के साथ मिक्स्ड रिकर्व टीम इवेंट में सिल्वर भी जीता था।

आसान नहीं रहा सफर

महाराष्ट्र की इस खिलाड़ी को इस मेडल को जीतने के लिए कुछ सबसे बड़े खिलाड़ियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन कांग चेयॉन्ग को हराया और फिर सेमीफाइनल में वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट और पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 चीन की जिंगयी झू को मात दी।

2010 एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाले तरुणदीप राय एशियाई खेलों में व्यक्तिगत रिकर्व मेडल जीतने वाले एकमात्र अन्य भारतीय थे। ऐसे में कुमकुम के पास इतिहास रचने का मौका था। फाइनल का मुकाबला बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। कुमकुम की शुरुआत खराब रही। उन्होंने पहला सेट 8 के स्कोर के साथ गंवा दिया, लेकिन जल्द ही खुद को संभाला और दूसरा सेट बराबर किया। इसके बाद उन्होंने तीन बार 10 का स्कोर करके तीसरा सेट अपने नाम किया। चौथे सेट में 8 का स्कोर करने से उन पर फिर दबाव बन गया और ओह ने वह सेट जीत लिया। लेकिन इस युवा खिलाड़ी ने एक बार फिर तीन बार 10 का स्कोर करके मुकाबले को शूट-आउट तक पहुंचा दिया, जहां स्कोर 5-5 (27-29,29-29,30-29,27-28,30-28) से बराबर था।

दबाव को हावी नहीं होने दिया

शूट-आउट में ओह ने 8 का स्कोर किया। कुमकुम को जीतने के लिए 9 या उससे बेहतर स्कोर की जरूरत थी और दबाव के बावजूद उन्होंने 10 का स्कोर करके यादगार जीत हासिल की। फाइनल में पहुंचने के साथ ही कुमकुम ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए उपलब्ध दो कोटा स्थानों में से एक स्थान पक्का कर लिया। नियमों के अनुसार, यह कोटा देश का होता है। यह एक व्यक्तिगत कोटा है, जबकि भारत को अभी टीम कोटा हासिल करना बाकी है।

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: कुमकुम ने छोड़ा ऐतिहासिक तीर, भारत को दिलाया पहला गोल्ड; लगा दी मेडल वाली हैट्रिक

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: भारतीय मेंस हॉकी टीम की नजरें लगातार दूसरे गोल्‍ड पर, फाइनल में मलेशिया से होगा सामना