11 से 79 साल तक की महिला गोल्फरों ने दिखाया दम, अनुष्का गुप्ता बनीं चैंपियन
दिल्ली गोल्फ क्लब में आयोजित 16वें डीजीसी लेडीज ओपन एमेच्योर गोल्फ टूर्नामेंट में अनुष्का गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता।
-1795269743479_m.webp)
अनुष्का गुप्ता बनीं चैंपियन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली गोल्फ क्लब में आयोजित 16वें डीजीसी लेडीज ओपन एमेच्योर गोल्फ टूर्नामेंट में महिला खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और प्रतिस्पर्धी जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया।
तीन दिन तक चले इस टूर्नामेंट में 11 से लेकर 79 वर्ष तक की 112 महिला गोल्फरों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि एक ही मंच पर युवा प्रतिभाओं से लेकर अनुभवी खिलाड़ियों तक ने अपनी चुनौती पेश की।
अनुष्का ने जीता खिताब
टूर्नामेंट में अनुष्का गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने तीन राउंड में कुल 214 का स्कोर बनाया। अनुष्का ने पहले दिन तीन अंडर पार और तीसरे दिन दो अंडर पार का बेहतरीन कार्ड खेलकर अपनी बढ़त मजबूत की।
मेहक लोहान 222 के स्कोर के साथ दूसरे और आहाना कश्यप 224 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। योग्या भल्ला और रजा कौर ने भी प्रतियोगिता के दौरान अंडर पार स्कोर दर्ज किया।
यूशा के सहयोग से आयोजित यह 54 होल की प्रतियोगिता दिल्ली गोल्फ क्लब के लोधी और पीकॉक कोर्स पर खेली गई। इसे वर्ल्ड एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग (डब्ल्यूएजीआर) की मान्यता भी प्राप्त थी, जिससे प्रतियोगिता का अंतरराष्ट्रीय महत्व बढ़ गया।
समापन समारोह में डीजीसी की लेडी कैप्टन सोनाल चौधरी ने कहा कि प्रतियोगिता अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान कर रही है।
अलग-अलग आयु वर्ग की महिलाओं की भागीदारी गोल्फ में बढ़ती समावेशिता और लोकप्रियता को दर्शाती है। यूशा का दिल्ली गोल्फ क्लब के साथ चार दशक से अधिक पुराना जुड़ाव है और संस्था महिला एवं जूनियर गोल्फ को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार सहयोग कर रही है।