फेल्प्स ने जीता 19वां ओलंपिक स्वर्ण पदक
माइकल फेल्प्स ने तरणताल में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए रविवार को तैराकी की चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में नया रिकॉर्ड कायम किया।
रियो डि जेनेरियो, एएफपी। स्टार तैराक माइकल फेल्प्स ने तरणताल में अपनी बादशाहत कायम रखते हुए रविवार को तैराकी की चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में नया रिकॉर्ड कायम करते हुए अपने देश को स्वर्ण पदक दिलाया। ओलंपिक में यह उनका 19वां स्वर्ण पदक है। सर्वकालिक दिग्गज ओलंपियन इसके अलावा दो रजत और दो कांस्य सहित 23 पदक जीत चुके हैं।
नाथन एड्रियन, सैलाब ड्रेसेल, रयान हेल्ड और फेल्प्स की अमेरिकी टीम ने तीन मिनट, 09.92 सेकेंड का समय निकालकर पिछले दो विश्व चैंपियनशिप से चले आ रहे फ्रांस के वर्चस्व को समाप्त किया। फ्रांस को इस बार रजत से ही संतोष करना पड़ा, जबकि कांस्य पदक ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा।
शरीर पर अनोखे निशान :
सभी दर्शक इस दौरान कुछ अजीब देखकर हैरान थे। वो चीज थी फेल्प्स के शरीर पर लाल धब्बे। सब के मन में सवाल था कि फेल्प्स को क्या हुआ। हुआ यूं कि टीम स्पर्धा से पहले फेल्प्स ने कप्पिंग नाम का हीलिंग सेशन लिया था। कप्पिंग एक चीनी तकनीक है, जिसके जरिये मांसपेशियों को आराम दिया जाता है और साथ ही ये दर्द भी दूर करता है। इस प्रक्रिया में कांच के कप इस्तेमाल किया जाता है। कप को पहले गर्म किया जाता है और फिर उसे शरीर पर लगाया जाता है।