साक्षी के जोरदार स्वागत की तैयारी
रियो ओलंपिक में कांस्य जीतकर तिरंगा फहराने वाली हरियाणा की बेटी साक्षी मलिक को सिर आंखों पर बैठाने के लिए सरकार तैयार है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। रियो ओलंपिक में कांस्य जीतकर तिरंगा फहराने वाली हरियाणा की बेटी साक्षी मलिक को सिर आंखों पर बैठाने के लिए सरकार तैयार है। वह बुधवार तड़के स्वदेश पहुंच जाएंगी। हरियाणा सरकार के छह मंत्री दिल्ली एयरपोर्ट पर साक्षी कास्वागत करेंगे। उन्हें पूरी शान के साथ जुलूस की शक्ल में रोहतक तक लाया जाएगा। साक्षी रोहतक जिले के गांव मोखरा की रहने वाली हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई मंत्री समूह की बैठक में साक्षी मलिक की यादगार अगवानी करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, उद्योग मंत्री विपुल गोयल, पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर और जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल एयरपोर्ट पर मलिक की अगवानी करेंगे। खेल मंत्री अनिल विज रियो से साक्षी के साथ ही लौट रहे हैं। मंत्री समूह की बैठक में तय हुआ कि साक्षी को मिलने वाली ढाई करोड़ रुपये की इनामी राशि बुधवार को ही प्रदान कर दी जाएगी।
प्रदेश सरकार उन्हें सरकारी नौकरी की पेशकश कर सकती है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह निर्णय साक्षी से बातचीत के बाद लिया जा सकता है, क्योंकि वह पहले से जॉब कर रही हैं। साक्षी के कोच को भी दस लाख की इनामी राशि दी जाएगी।
- बहादुरगढ़ में मुख्यमंत्री करेंगे स्वागत
बहादुरगढ़। साक्षी मलिक का बुधवार सुबह बहादुरगढ़ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। सुबह करीब आठ बजे साक्षी मलिक दिल्ली से हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में प्रवेश करेंगी। यहां सेक्टर 6 स्थित हुडा के सामुदायिक केंद्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य और विधायक नरेश कौशिक के साथ हजारों लोग उनका स्वागत करेंगे। टीकरी बार्डर से हरियाणा की सीमा में प्रवेश करते ही साक्षी का खुली जीप में बैठाकर जुलूस निकाला जाएगा, जो शहर से होता हुआ सेक्टर 6 पहुंचेगा।