भुवनेश्वर में सरकारी बंदूक दुकान के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, हिरासत में लिए गए 2 लोग
भुवनेश्वर के बमीखाल में एक युवक सोनू नायक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
भुवनेश्वर के बमीखाल में युवक सोनू नायक की गोली मारकर हत्या।
पुलिस ने वारदात के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं, पुलिस कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर के बमीखाल इलाके में शनिवार तड़के एक युवक की बेहद करीब से गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान हल्दीपड़िया निवासी सोनू नायक के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब तीन बजे सोनू अपने चार दोस्तों के साथ एक वाहन से रसूलगढ़ स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था।
इसी दौरान बमीखाल में सरकारी बंदूक दुकान के सामने पहले से घात लगाए बैठे कुछ बदमाशों ने उनके वाहन को रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने सोनू पर बेहद करीब से गोली चला दी। गोली उसके सिर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
कैपिटल अस्पताल में मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर लक्ष्मीसागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सोनू को कैपिटल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हिरसात में दो संदिग्ध पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित विवादों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस आयुक्त एस. देवदत्त सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच की समीक्षा की।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच के दौरान जिन दो लोगों के नाम सामने आए हैं, उन्हें हिरासत में लिया गया है। पुलिस की टीम ने कैपिटल अस्पताल जाकर भी मामले की जानकारी ली है।
उन्होंने कहा कि हल्दीपड़िया निवासी सोनू नायक को कुछ हमलावरों ने निशाना बनाकर हमला किया था। जांच आगे बढ़ने पर अन्य लोगों के नाम सामने आते हैं तो उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- ओडिशा: गंजाम भूस्खलन के मलबे से एक ही परिवार के 5 शव बरामद, 28 अक्टूबर को ढह गए थे 9 मकान