उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ओडिशा दौरे पर, भुवनेश्वर और कटक में दो कार्यक्रमों में हुए शामिल
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने ओडिशा के दौरे पर हैं। इस दौरान वह दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का सीएम मोहन चरण माझी ने किया स्वागत। (सोशल मीडिया)
HighLights
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने ओडिशा के भुवनेश्वर और कटक का दौरा किया।
विधानसभा सदस्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन भुवनेश्वर में किया।
कटक में श्री श्री विश्वविद्यालय के भव्य टावर का अनावरण किया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचें। इस दौरान वे भुवनेश्वर और कटक में आयोजित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सुबह 9:15 बजे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचें। यहां से वे मेफेयर सैंक्चुरी पहुंचकर 17वीं ओडिशा विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विधायकों के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें विधानसभा की समिति प्रणाली और उसके कामकाज के तौर-तरीकों पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
साथ ही संसदीय समिति प्रणाली के अनुरूप विधानसभा की समितियां किस प्रकार काम करती हैं, इसकी जानकारी विधायकों को दी जाएगी।
ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले सत्र में विधानसभा की समिति प्रणाली पर चर्चा होगी।
इसमें संसद की समिति प्रणाली के कामकाज और उसी तर्ज पर ओडिशा विधानसभा में अपनाई जा रही व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
भुवनेश्वर में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उपराष्ट्रपति कटक के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे वे कटक के बिद्याधरपुर स्थित अरिलो में श्री श्री विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भव्य टावर का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 2:05 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा में तैनात है 47 प्लाटून पुलिस बल
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर भुवनेश्वर और कटक में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। दोनों शहरों में उनके कार्यक्रमों और आवागमन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुल 47 प्लाटून पुलिस बल और 142 सेक्शन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
सुरक्षा व्यवस्था में 151 सब इंस्पेक्टर एवं असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, 47 इंस्पेक्टर, 31 एसीपी एवं डीएसपी, नौ अतिरिक्त डीसीपी एवं एसपी तथा पांच डीसीपी एवं एसपी स्तर के अधिकारी तैनात हैं।
इसके अलावा यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, उपराष्ट्रपति के काफिले के सुचारु आवागमन और वैकल्पिक मार्गों के निर्धारण के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
पुलिस प्रशासन दोनों शहरों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखे हुए है, जिससे उपराष्ट्रपति का एक दिवसीय दौरा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
यह भी पढ़ें- वज्रपात से मौतों के मामले में देश में 5वें नंबर पर ओडिशा, पिछले 5 वर्षों में 1625 लोगों ने गंवाई जान