वज्रपात से मौतों के मामले में देश में 5वें नंबर पर ओडिशा, पिछले 5 वर्षों में 1625 लोगों ने गंवाई जान
ओडिशा में प्राकृतिक आपदाओं के बीच वज्रपात का खतरा बढ़ गया है, राज्य वज्रपात से होने वाली मौतों में देश में पांचवें स्थान पर है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
ओडिशा में वज्रपात से होने वाली मौतें देश में पांचवें स्थान पर।
पिछले पांच वर्षों में 1625 लोगों की जान वज्रपात के कारण गई।
सुबह 7 से 11 बजे के बीच सबसे अधिक वज्रपात होता है।
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। ओडिशा लगातार एक के बाद एक प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों से जूझ रहा है। भूकंप की आशंका को लेकर चर्चा अभी थमी भी नहीं है कि अब वज्रपात ने चिंता बढ़ा दी है।
राज्य में चक्रवात, बाढ़ और लू की तुलना में वज्रपात से अधिक लोगों की जान जाने के आंकड़े सामने आए हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के वर्ष 2017 से 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार, वज्रपात से होने वाली मौतों के मामले में ओडिशा देश में पांचवें स्थान पर है।
वज्रपात से न केवल लोगों की जान जा रही है, बल्कि खेती और फसलों पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वैज्ञानिकों ने इसको लेकर चिंता जाहिर की है।
पांच वर्षों में वज्रपात ने ली 1625 लोगों की जान
नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर के आंकड़ों से पता चलता है कि ओडिशा में वज्रपात की आवृत्ति और तीव्रता लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2024 की विधानसभा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले पांच वर्षों के दौरान राज्य में वज्रपात के कारण 1,625 लोगों की मौत हुई है।
वहीं, वर्ष 2017 से 2025 तक के एनसीआरबी आंकड़ों में वज्रपात से होने वाली मौतों के मामले में ओडिशा देश में पांचवें स्थान पर है। इस सूची में उत्तर प्रदेश पहले, बिहार दूसरे, मध्य प्रदेश तीसरे और महाराष्ट्र चौथे स्थान पर है।
ऐसे में वज्रपात को लेकर समय रहते चेतावनी जारी करना और इससे होने वाली मौतों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाना राज्य सरकार के सामने बड़ी चुनौती बन गया है।
सुबह सात से 11 बजे के बीच सबसे अधिक वज्रपात
वज्रपात का समय भी अब चिंता का विषय बन गया है। वैज्ञानिक आलोक ताओरी के अनुसार, ओडिशा में सुबह सात बजे से 11 बजे के बीच सबसे अधिक वज्रपात होता है।
कुछ स्थानों पर यह सिलसिला दोपहर दो बजे तक भी जारी रहता है। दिन के समय वज्रपात होने के कारण किसान और खेतों में काम करने वाले मजदूर सबसे अधिक खतरे में रहते हैं।
कामकाज के सिलसिले में लोगों को घरों से बाहर निकलना पड़ता है। ऐसे में मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी होने के बावजूद कई बार लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं।
यह भी जानलेवा घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। वैज्ञानिकों का कहना है कि वज्रपात किस खास स्थान पर होगा, इसका सटीक पूर्वानुमान लगाना भी काफी मुश्किल है।
अप्रैल-मई और जुलाई-सितंबर में अधिक खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, वज्रपात साल के किसी भी समय हो सकता है, लेकिन अप्रैल से मई और जुलाई से सितंबर के बीच इसका खतरा अधिक रहता है।
राज्य में बालेश्वर जिले में वज्रपात से सबसे अधिक मौतें दर्ज की गई हैं। इसके अलावा मयूरभंज, कटक और गंजाम जिलों में भी यह समस्या गंभीर बनी हुई है।
वज्रपात से कैसे प्रभावित होती हैं फसलें?
वज्रपात केवल मनुष्यों और पशुओं के जीवन के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि इसका असर कृषि भूमि पर भी पड़ सकता है। इस विषय पर विभिन्न शोधों में चर्चा की जा रही है।
वज्रपात के दौरान वायुमंडल में मौजूद नाइट्रोजन और ऑक्सीजन के बीच रासायनिक प्रतिक्रिया होती है, जिससे नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) का निर्माण हो सकता है। इसके बाद बारिश के साथ इसका कुछ हिस्सा जमीन तक पहुंचता है और मिट्टी को नाइट्रोजन उपलब्ध करा सकता है।
हालांकि, इसे सीधे तौर पर नुकसानदायक उर्वरक मानना उचित नहीं होगा। कृषि भूमि पर वज्रपात के प्रभाव, मिट्टी की गुणवत्ता और फसलों की पैदावार के बीच संबंधों को समझने के लिए अभी और शोध की जरूरत है। वैज्ञानिक इस दिशा में अध्ययन कर रहे हैं।
ताड़ के पेड़ों के साथ लाइटनिंग अरेस्टर लगाने पर जोर
वज्रपात से होने वाली मौतों को रोकने के लिए ओडिशा सरकार ने ताड़ के पेड़ लगाने की योजना बनाई है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि केवल ताड़ के पेड़ लगाना पर्याप्त नहीं होगा।
इसके साथ लाइटनिंग अरेस्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्था भी स्थापित करनी होगी। विशेष रूप से खुले मैदानों और कृषि भूमि के आसपास ऐसी व्यवस्था करने से जानमाल के नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर से ही वज्रपात से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। लोगों को यह जानकारी देना जरूरी है कि वज्रपात के दौरान खुले मैदान या खेत में फंसे होने पर क्या करना चाहिए, कहां सुरक्षित आश्रय लेना चाहिए और किन गतिविधियों से बचना चाहिए। इसके लिए ग्रामीणों को नियमित प्रशिक्षण देने की भी आवश्यकता है।
सटीक स्थान की पहचान और किसानों को अलर्ट देने पर शोध
वज्रपात के संभावित स्थान की सटीक पहचान कर किसानों को पहले से चेतावनी देने के लिए भी शोध जारी है। हालांकि, इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, सुरक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे और जनजागरूकता को एक साथ मजबूत करना सबसे बड़ी जरूरत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।