ओडिशा में छत्तीसगढ़ की नाबालिग से गैंगरेप: शौच के दौरान अगवा कर 7 युवकों ने की दरिंदगी, जंगल में छोड़कर फरार
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर सामूहिक छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात में से पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
-1783852472179_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सुंदरगढ़ में नाबालिग लड़की से सामूहिक छेड़छाड़ की घटना।
शौच के लिए निकली लड़की का अपहरण कर जंगल में वारदात।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पांच आरोपियों को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ जिले में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के तलसरा थाना अंतर्गत बनडेगा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर जंगल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।
बताया जा रहा है कि इस अमानवीय कृत्य को कुल सात दरिंदों ने अंजाम दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को हिरासत में ले लिया है।
छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी पीड़िता
बीती रात हुई इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और वह बनडेगा चौकी क्षेत्र में अपने मामा के घर आई हुई थी।
बीती रात जब वह शौच के लिए घर से बाहर निकली, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसे जबरन अगवा कर लिया और पास के जंगल में ले गए। वहां पहले से ही उनके पांच अन्य साथी घात लगाए बैठे थे।
इसके बाद सातों आरोपितों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए नाबालिग के साथ बारी-बारी से अमानवीय तरीके से सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे उसी हाल में जंगल में छोड़कर फरार हो गए।
किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता अपने घर (मामा के घर) पहुंची और स्वजनों को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद एक स्थानीय समाजसेवी की मदद से पीड़िता के स्वजन थाने पहुंचे और पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पांच लोग गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने पांच लोगों को उठाकर हिरासत में रखा है, हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से हिरासत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल, अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) निर्मल महापात्र, तलसरा थाना प्रभारी यशोवंती बाग और पुलिस की विशेष टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की गहन छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा बरहमपुर आत्मदाह मामला: युवती ने पिता पर लगाया यौन शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- कटक के देवी गड़ा घाट पर मिली महिला की सिर कटी लाश, पुलिस जांच में जुटी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।