ओडिशा बरहमपुर आत्मदाह मामला: युवती ने पिता पर लगाया यौन शोषण का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
बरहमपुर आत्मदाह प्रयास मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता को यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पीड़िता ने अपने पिता पर यौन शोषण का आरोप लगाया।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पिता को गिरफ्तार किया।
पिता-बेटी की चैट और अन्य संलिप्तता की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बरहमपुर आत्मदाह प्रयास मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक जेना के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पिता द्वारा उसका यौन शोषण किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था।
पीड़िता का बयान दर्ज, चैट की जांच जारी
वर्तमान में भुवनेश्वर में उपचाराधीन पीड़िता का बयान पुलिस ने दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ चैट संदेश भी मिले हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने चैट की सामग्री के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
एएसपी आलोक जेना ने कहा कि पीड़िता ने अपने पिता के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए हमने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया।
शुरुआत में हमें इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली थी। गंभीर रूप से झुलसी युवती को पहले एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बाद में उसे आगे के इलाज के लिए सम अस्पताल, भुवनेश्वर रेफर किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पीड़िता ने कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं, जिसके आधार पर उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया। प्रथम दृष्टया आरोप उसके पिता पर ही केंद्रित हैं और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
पिता-दुहिता के बीच हुई चैट भी मिली
एएसपी ने कहा कि जांच के दौरान कुछ नई जानकारियां भी सामने आई हैं, जिन्हें केस में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।
'कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। यदि पर्याप्त साक्ष्य मिले तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पेशे से शिक्षक है। पीड़िता अपने पैतृक घर में रह रही थी और मानसिक अवसाद की स्थिति में थी।
जांच के दौरान पिता और बेटी के बीच हुई कुछ चैट भी मिली हैं। इसके अलावा यह भी सामने आया है कि आरोपी ने युवती के शैक्षणिक प्रमाणपत्र अपने पास रखे थे और जब उसने यह मामला अन्य लोगों को बताया तो वह उन्हें वापस देने से इनकार कर रहा था।'
दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
मीडिया से बातचीत में एएसपी आलोक जेना ने कहा कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जो भी व्यक्ति इसमें संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, 'यदि किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता सामने आती है, तो उसे भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।' यह घटना बरहमपुर के निमखंडी थाना क्षेत्र के लोचापड़ा स्थित बासुदेव नगर में हुई थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।