विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भुवनेश्वर में देर रात थार की दहशत, प्रतिमा में टक्कर से ड्राइवर समेत कई घायल; पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

Published: Mon, 05 Oct 2026 11:12 AM (IST)

भुवनेश्वर के जयदेव विहार में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी प्रतिमा से ...और पढ़ें

थार ने मचाई दहशत। फोटो जागरण

थार ने मचाई दहशत। फोटो जागरण

HighLights

  1. भुवनेश्वर के जयदेव विहार में थार प्रतिमा से टकराई।

  2. तेज रफ्तार के कारण चालक समेत कई घायल हुए।

  3. पुलिस मामले की जांच कर रही, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में रविवार देर रात तेज रफ्तार महिंद्रा थार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी प्रतिमा से टकराने से अफरा-तफरी मच गई।

हादसा जयदेव विहार इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि तेज गति से जा रही एसयूवी अचानक अनियंत्रित हो गई और प्रतिमा को टक्कर मार दी।

हादसे में थार चालक समेत उसमें सवार कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में तो नहीं था। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं 

राजधानी में थार से जुड़े हादसों को लेकर पहले भी गंभीर घटनाएं सामने आती रही हैं। जनवरी 2026 में करीब 24 घंटे के भीतर थार से जुड़े दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हुई थी।

पितापल्ली के पास एनएच-16 पर एक थार के खड़े ट्रेलर से टकराने पर तीन युवकों की मौत हो गई थी। वहीं, कैपिटल अस्पताल चौक के पास एक अन्य हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई थी।

मई में नयापल्ली में तेज रफ्तार थार सड़क किनारे स्थित गैराज में जा घुसी थी, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

इसी महीने चंद्रशेखरपुर में थार की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौत हुई थी। पुलिस ने बाद में इस मामले को हत्या का मामला मानते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया था।

अगस्त में भुवनेश्वर-पुरी एनएच-316 पर गुड़ियापोखरी के पास थार ने कथित रूप से एक बैल और बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बैल की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार ने बाद में दम तोड़ दिया।

अगस्त 2025 में पात्रपड़ा इलाके में थार और स्कॉर्पियो के बीच कथित रेस के दौरान थार अनियंत्रित होकर एक महिला और उसके दो बच्चों से टकरा गई थी। हादसे में महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी की मौत हो गई थी।

जयदेव विहार की ताजा घटना ने एक बार फिर राजधानी में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में अगले 3 साल तक नहीं खुलेगी नई शराब दुकान, CM मोहन चरण ने लिया नशामुक्त राज्य बनाने का संकल्प

यह भी पढ़ें- कटिहार में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, अपराधियों ने वकील गुड्डू अंसारी को मारी गोली