ओडिशा में अगले 3 साल तक नहीं खुलेगी नई शराब दुकान, CM मोहन चरण ने लिया नशामुक्त राज्य बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की है कि ओडिशा में अगले तीन वर्षों तक कोई नई शराब दुकान नहीं खोली जाएगी।
-1791177787932_m.webp)
ओडिशा सीएम मोहन चरण। फाइल फोटो
HighLights
अगले तीन वर्षों तक ओडिशा में नई शराब दुकान नहीं खुलेगी।
'जीवन जिंदाबाद-2.0' अभियान से युवाओं को नशे से दूर रखा जाएगा।
अवैध शराब कारोबार पर स्थानीय प्रशासन को जवाबदेह बनाया गया।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में अब आगामी तीन वर्षों तक कोई नई शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। एक अप्रैल से लागू नई आबकारी नीति के तहत यह निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी बर्बाद कर देता है। इसलिए राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
स्थानीय रेलवे ऑडिटोरियम में कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम ‘जीवन जिंदाबाद-2.0’ में मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ राज्य सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया।
उन्होंने कहा कि देश में हर वर्ष केवल शराब सेवन के कारण लगभग 2.60 लाख से 2.80 लाख लोगों की मृत्यु होती है।
शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली मौतों के मामले में ओडिशा का देश में दूसरे स्थान पर होना गंभीर चिंता का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष शुरू किया गया ‘जीवन जिंदाबाद’ अभियान आत्महत्या की प्रवृत्ति को रोकने में काफी सफल रहा है।
नशाखोरी रोकने के प्रयास
अब ‘जीवन जिंदाबाद-2.0’ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का व्यापक प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अवैध और जहरीली शराब के कारोबार के लिए स्थानीय प्रशासन को जवाबदेह बनाया गया है। इसके साथ ही तंबाकू, निकोटिनयुक्त पान मसाला और गुटखा के उत्पादन एवं बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। राज्य के सभी स्कूल और कॉलेज परिसरों को ‘नशामुक्त क्षेत्र’ घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वर्ष 2029 तक भारत को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए ओडिशा सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमिश्नरेट पुलिस की ओर से तैयार ‘नशामुक्त भारत’ विषयक एक विशेष वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम में राज्य के प्रतिष्ठित कलाकारों ने ‘जीवन जिंदाबाद’, ‘नशामुक्त युवा समाज, विकसित भारत’ तथा जागरूकता नाटक ‘भूत: मनुष्य की नशे को ना’ का मंचन किया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनयतोष मिश्र, पुलिस आयुक्त सुरेश देवदत्त सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विशिष्ट अतिथि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- कौन हैं एम नागेश्वर राव? जिन्होंने रिटायरमेंट के बाद सर्वजन सनातन पार्टी से की राजनीति में एंट्री
