विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SAIL कर्मियों को झटका: एरियर और नए वेतन समझौते से प्रबंधन का इनकार, कोर्ट जाने की तैयारी में यूनियनें

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:15 PM (GMT+05:30)

सेल प्रबंधन ने इस्पात कर्मियों के एरियर और नए वेतन समझौते (एमओए) से साफ इनकार कर दिया है।

सेल प्रबंधन। (फाइल फोटो)

सेल प्रबंधन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सेल प्रबंधन ने एरियर और नए समझौते से किया इनकार।

  2. श्रमिक नेताओं ने इसे कर्मियों के साथ धोखा बताया।

  3. अब ट्रेड यूनियनें कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही हैं।

जागरण संवाददाता, राउरकेला। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) प्रबंधन की कार्यप्रणाली और उसकी नीयत एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है।

एरियर और नए वेतन समझौते (एमओए) का इंतजार कर रहे हजारों इस्पात कर्मियों के साथ कथित तौर पर खुला विश्वासघात किया गया है।

दिल्ली के स्कोप सोशल इंटरेक्शन सेंटर में आयोजित एनजेसीएस सब-कमेटी की बहुप्रतीक्षित बैठक महज एक दिखावा साबित हुई, जहां सेल अधिकारियों ने न केवल एरियर देने से दो टूक इनकार कर दिया, बल्कि बैठक के नाम पर देश भर से श्रमिक नेताओं को दिल्ली बुलाकर उनका घोर अपमान भी किया।

बैठक की शुरुआत में ही सेल कॉरपोरेट के सीजीएम (एचआर) संजीव गुप्ता ने बेहद अड़ियल रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि प्रबंधन किसी भी सूरत में बकाया एरियर नहीं देगा और न ही कोई नया समझौता (एमओए) करेगा।

प्रबंधन के इस तानाशाही फरमान से भड़के एचएमएस नेता राजेंद्र सिंह ने इसे कर्मियों के साथ सीधा 'धोखा' करार दिया। बैठक में भिलाई और दुर्गापुर से लेकर राउरकेला तक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे, लेकिन उनका रवैया पूरी तरह श्रमिक विरोधी और असंवेदनशील रहा।

अधिकारियों ने एरियर देने का किया था वादा

एटक के आदिनारायण ने जब अधिकारियों को उनका वह पुराना वादा याद दिलाया, जिसमें कथित तौर पर 2000 करोड़ रुपये का मुनाफा होने पर एरियर देने की बात कही गई थी, तो प्रबंधन पूरी तरह बेशर्मी पर उतर आया।

अधिकारियों ने मुकरते हुए उल्टे श्रमिक नेताओं से ही लिखित प्रमाण मांग लिया। इंटक के हरजीत सिंह और सीटू के विश्वरूप बंदोपाध्याय ने प्रबंधन की इस वादाखिलाफी का कड़ा विरोध करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि वे किसी भी परिस्थिति में एरियर का दावा नहीं छोड़ेंगे।

प्रबंधन के अहंकार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब बीएमएस के हिमांशु बल ने प्रस्ताव रखा कि यदि कोर्ट केस एरियर में बाधा बन रहा है, तो प्रबंधन लिखित में दे कि वह कब एरियर देगा, बीएमएस अपना केस तुरंत वापस ले लेगा। लेकिन प्रबंधन ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।

हद तो तब पार हो गई जब श्रमिक नेताओं ने अधिकारियों से पूछा कि यदि पहले ही तय था कि एरियर नहीं देना है, तो फिर आज की यह बैठक क्यों बुलाई गई? इस पर अधिकारियों ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना और अपमानजनक जवाब देते हुए कहा कि बस यही बात दोबारा बताने के लिए आप लोगों को बुलाया था।

सेल प्रबंधन के इस संवेदनहीन रवैये के बाद अब स्पष्ट हो गया है कि बातचीत के सारे रास्ते बंद किए जा रहे हैं। बैठक के अंत में हिमांशु बल ने उपस्थित सभी ट्रेड यूनियनों से अपील की कि प्रबंधन की इस धोखाधड़ी के बाद अब न्यायालय ही एकमात्र रास्ता बचा है।

उन्होंने सभी से एकजुट होकर रिट याचिका दायर करने या आरआईकेकेएस  के केस में पार्टी बनने का आह्वान किया है। भारतीय इस्पात मजदूर महासंघ भी जल्द ही इस पर कड़ा निर्णय लेने जा रहा है।

प्रबंधन के इस कथित अड़ियल रवैये से इस्पात संयंत्रों में भारी असंतोष और औद्योगिक अशांति पनपने की आशंका प्रबल हो गई है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में विकास के दावों की खुली पोल! 229 गांवों में बिजली नहीं, 247 में नेटवर्क गायब; खाट पर ढोए जाते हैं मरीज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।