ओडिशा-बंगाल के यात्रियों को राहत, रेलवे ने किया नई स्पेशल ट्रेनों का एलान; चेक करें शेड्यूल
रेलवे ने दुर्गापूजा और दीपावली के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुरी-सांतरागाछी और शालीमार-खुर्दा रोड मार्गों पर पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है।

त्योहारी सीजन में रेलवे का तोहफा, दुर्गापूजा और दिवाली पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
HighLights
दुर्गापूजा और दीपावली के लिए विशेष ट्रेनें घोषित।
पुरी-सांतरागाछी और शालीमार-खुर्दा रोड पर चलेंगी।
अक्टूबर-नवंबर में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। दुर्गापूजा और दीपावली के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पुरी-सांतरागाछी और शालीमार-खुर्दा रोड मार्ग पर पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। अक्टूबर और नवंबर तक चलने वाली इन ट्रेनों से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, पर्व सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने दो जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
दुर्गापूजा और दीपावली के मद्देनजर पुरी-सांतरागाछी-पुरी तथा शालीमार-खुर्दा रोड-शालीमार मार्ग पर विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों में आरक्षित और सामान्य दोनों श्रेणियों के पर्याप्त कोच लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।
पुरी-सांतरागाछी के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 08405 पुरी-सांतरागाछी पूजा स्पेशल पांच अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन पुरी से शाम 5:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08406 छह अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक प्रत्येक मंगलवार को सांतरागाछी से सुबह 8:45 बजे रवाना होकर शाम सात बजे पुरी पहुंचेगी।
यह ट्रेन साक्षीगोपाल, खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जाजपुर-केन्दुझर रोड, भद्रक, बालेश्वर, रूपसा, जलेश्वर, बेलदा और खड़गपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसमें कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एक एसी-द्वितीय, तीन एसी-तृतीय, आठ स्लीपर, चार सामान्य तथा दो दिव्यांग अनुकूल लगेज-कम-ब्रेक वैन कोच शामिल हैं।
शालीमार-खुर्दा रोड मार्ग पर भी विशेष सेवा
ट्रेन संख्या 08043 शालीमार-खुर्दा रोड पूजा स्पेशल 12 अक्टूबर से नौ नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। यह ट्रेन शालीमार से शाम 5:55 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2:45 बजे खुर्दा रोड पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08044 13 अक्टूबर से 10 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को खुर्दा रोड से सुबह 6:45 बजे चलकर अपराह्न तीन बजे शालीमार पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव सांतरागाछी, खड़गपुर, बालेश्वर, रूपसा जंक्शन, भद्रक, जाजपुर-केन्दुझर रोड, कटक और भुवनेश्वर स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में कुल 22 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे।
इनमें दो एसी-द्वितीय, छह एसी-तृतीय, आठ स्लीपर, चार सामान्य और दो दिव्यांग अनुकूल लगेज-कम-ब्रेक वैन कोच शामिल रहेंगे।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले एनटीईएस और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-सारिणी की जानकारी जांचने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- Pitru Paksha Mela : श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की बड़ी सुविधा, पुनपुन घाट और अनुग्रह नारायण रोड पर 17 ट्रेनें रुकेंगी
यह भी पढ़ें- यात्रियों को रेलवे का तोहफा: बिहार और बंगाल के बीच स्पेशल ट्रेनों का एलान, यहां देखें पूरा शेड्यूल
