यात्रियों को रेलवे का तोहफा: बिहार और बंगाल के बीच स्पेशल ट्रेनों का एलान, यहां देखें पूरा शेड्यूल
रेलवे ने आगामी पूजा पर्व के लिए सियालदह से सीतामढ़ी और हावड़ा से रक्सौल के बीच (सीतामढ़ी होते हुए) विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

यात्रियों को रेलवे का तोहफा, बिहार और बंगाल के बीच स्पेशल ट्रेनों का एलान
HighLights
सियालदह-सीतामढ़ी और हावड़ा-रक्सौल के बीच विशेष ट्रेनें।
पूजा पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा हेतु परिचालन।
प्रत्येक दिशा में 7-7 फेरे, सामान्य से वातानुकूलित कोच।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। आगामी पूजा पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सियालदह से सीतामढ़ी तथा हावड़ा से रक्सौल के बीच (वाया सीतामढ़ी) स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
पूजा पर्व के दौरान इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से पश्चिम बंगाल, बिहार एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इन दोनों पूजा विशेष ट्रेनों द्वारा प्रत्येक दिशा में 7-7 फेरे लगाए जाएंगे।
उक्त आशय की जानकारी समस्तीपुर रेल मंडल द्वारा एक ई-रिलीज जारी कर दी गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पूजा स्पेशल ट्रेनों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। इन ट्रेनों में सामान्य श्रेणी, स्लीपर श्रेणी एवं वातानुकूलित कोच की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्पेशल ट्रेन संख्या 03133/03134 आगामी 16 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अप और डाउन दिशाओं में 7-7 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 03134 सीतामढ़ी से प्रत्येक शनिवार (17, 24, 31 अक्टूबर व 07, 14, 21, 28 नवंबर) को चलेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 03133 सियालदह से प्रत्येक शुक्रवार (16, 23, 30 अक्टूबर व 06, 13, 20, 27 नवंबर) को प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन सियालदह से रात 23:40 बजे प्रस्थान करेगी और नैहाटी जंक्शन, बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल जंक्शन, चित्तरंजन, मधुपुर जंक्शन, जसीडीह जंक्शन, झाझा, किऊल जंक्शन, बरौनी जंक्शन, दलसिंहसराय, समस्तीपुर जंक्शन, दरभंगा जंक्शन, कमतौल और जनकपुर रोड होते हुए अगले दिन 15:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 03134 सीतामढ़ी से शाम 17:00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 12:25 बजे सियालदह पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 03043/03044 (हावड़ा–रक्सौल–हावड़ा पूजा विशेष ट्रेन): यह ट्रेन 17 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच हावड़ा से प्रत्येक शनिवार को, तथा 18 अक्टूबर से 29 नवंबर के बीच रक्सौल से प्रत्येक रविवार को चलेगी।
ट्रेन संख्या 03043 हावड़ा से रात 23:00 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल जंक्शन, चित्तरंजन, मधुपुर जंक्शन, जसीडीह जंक्शन, झाझा, किऊल जंक्शन, बरौनी जंक्शन, दलसिंहसराय, समस्तीपुर जंक्शन, दरभंगा जंक्शन, कमतौल और जनकपुर रोड होते हुए अगले दिन दोपहर 14:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। फिर बैरगनिया होते हुए शाम 16:15 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 03044 रक्सौल से शाम 17:45 बजे प्रस्थान करेगी और 19:25 बजे सीतामढ़ी होते हुए अगले दिन 12:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- मुगमा प्री-नॉन इंटरलॉकिंग का असर: धनबाद-हावड़ा रेल खंड पर डायवर्ट ट्रेनों के नए रूट जारी
यह भी पढ़ें- झारखंड के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, चक्रधरपुर मंडल में 3 से 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद
