पुरी रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण: 16 मई तक 30 से अधिक ट्रेनें प्रभावित, बदल गया रूट
पुरी रेलवे स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्य के कारण 11 मार्च से 16 मई तक रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। ...और पढ़ें
-1772940288290_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। पुरी रेलवे स्टेशन पर चल रहे बुनियादी ढांचे के उन्नयन कार्य के कारण दो महीने से अधिक समय तक रेल सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी।
यह बदलाव 11 मार्च से लागू होगा और 16 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान खुर्दा रोड और पुरी स्टेशन के बीच यात्रियों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
ईस्ट कोस्ट रेलवे (इकोर) के अधिकारियों के अनुसार, पुरी से चलने वाली या पुरी पर समाप्त होने वाली 30 से अधिक ट्रेनों को इस अवधि में शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा, ताकि स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्य को तेजी से पूरा किया जा सके। रेलवे ने लक्ष्य रखा है कि वार्षिक रथ यात्रा से पहले स्टेशन का उन्नयन कार्य पूरा कर लिया जाए।
वैकल्पिक स्टेशनों से चलेंगी ट्रेनें
आठ ट्रेनें अब पुरी के बजाय साक्षीगोपाल स्टेशन से चलेंगी और वहीं समाप्त होंगी। इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस–पुरी एक्सप्रेस, गांधीधाम–पुरी एक्सप्रेस, कामाख्या–पुरी एक्सप्रेस, तिरुपति–पुरी एक्सप्रेस, सियालदह–पुरी दूरंतो एक्सप्रेस, वलसाड–पुरी एक्सप्रेस और संबलपुर–पुरी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसी तरह चार ट्रेनों की शुरुआत और समाप्ति बीर पुरुषोत्तमपुर स्टेशन से होगी। इसमें इंदौर–पुरी एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर–पुरी एक्सप्रेस, कामाख्या–पुरी एक्सप्रेस और जलेश्वर–पुरी मेमु शामिल हैं।
इसके अलावा राउरकेला–पुरी एक्सप्रेस और तालचर–पुरी मेमु सहित चार ट्रेनें खुर्दा रोड स्टेशन से चलेंगी और वहीं समाप्त होंगी। जबकि हावड़ा–पुरी एक्सप्रेस और पुरी–हावड़ा एक्सप्रेस को अस्थायी रूप से मालतीपटपुर स्टेशन तक ही चलाया जाएगा।
यात्रियों के लिए अस्थायी व्यवस्था
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुरी स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य को तेज करने के लिए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। इस परियोजना को रथ यात्रा से पहले पूरा करने को प्राथमिकता दी गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए पुरी और उन स्टेशनों के बीच बस सेवा चलाई जाएगी, जहां से ट्रेनों का अस्थायी संचालन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस के रूट में बदलाव, 15 मार्च से खुर्दा रोड पर ही थमेंगे पहिए, देखें पूरा शेड्यूल
यह भी पढ़ें- ओडिशा के कोलाब जलभंडार में नहाने गए जवाहर नवोदय विद्यालय के 3 स्टूडेंट, डूबने से मौत
