ओडिशा में मां की हत्या कर सीमेंट के बॉक्स में छिपाया शव, आरोपी झारखंड से गिरफ्तार
पुरी में मां की हत्या कर शव को सीमेंट के ढांचे में छिपाने वाले आरोपी मदन गजानन दलई को झारखंड के टाटानगर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

मां का हत्यारा। फोटो जागरण
HighLights
पुरी में मां की हत्या कर शव छिपाया।
आरोपी मदन दलई टाटानगर से गिरफ्तार।
पुलिस ने नकदी, पहचान पत्र बरामद किए।
जागरण संवाददाता, पुरी। ओडिशा के पुरी में मां की हत्या कर शव को सीमेंट के ढांचे में छिपाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपी मदन गजानन दलई को पुलिस ने 19 अक्टूबर 2026 को झारखंड के टाटानगर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से 34 हजार रुपये नकद, दो आधार कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को पुरी की अदालत में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को पुरी के कुंभारपड़ा थाना क्षेत्र स्थित पतितपावन लेन में एक किराये के मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी।
मकान मालिक रविनारायण साहू और अन्य किरायेदार मौके पर पहुंचे तो उन्होंने मदन गजानन दलई के कमरे का दरवाजा खुला पाया।
अंदर रसोई में सीमेंट से बना एक बॉक्सनुमा ढांचा दिखाई दिया, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी और तरल पदार्थ भी बाहर निकल रहा था।
सूचना मिलने पर कुंभारपड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट, वैज्ञानिक अधिकारी, मकान मालिक और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सीमेंट के ढांचे को तोड़ा गया।
इसके अंदर से आरोपी की मां अन्नपूर्णा दलई का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया गया।
पांच महीने से किराये के मकान में रह रहे थे मां-बेटे
जांच के दौरान पता चला कि मदन गजानन दलई अपनी मां अन्नपूर्णा दलई के साथ करीब पांच महीने से उक्त मकान में किराये पर रह रहा था।
घटना के बाद आरोपी दो-तीन दिनों तक दिखाई नहीं दिया। पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से उसने अपनी मां के शव को सीमेंट के ढांचे में छिपा दिया और 23 अगस्त 2026 को वहां से फरार हो गया।
कई शहरों में बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, फरार होने के बाद आरोपी बस से भुवनेश्वर पहुंचा। वहां से ट्रेन के जरिए टिटलागढ़ होते हुए रायपुर गया।
इसके बाद वह कोलकाता पहुंचा और कुछ दिनों तक वहां रहा। फिर टाटानगर होते हुए मुंबई चला गया, जहां वह एक वड़ापाव स्टॉल पर मजदूर के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस ने विभिन्न सुरागों का विश्लेषण करते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी। आखिरकार 19 अक्टूबर को उसे झारखंड के टाटानगर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने पत्रकार सम्मेलन में गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- मैट्रिमोनी ऐप पर 13 लाख की ठगी, फर्जी IAS बनकर महिला को फंसाने वाला गिरफ्तार
