विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में फिर शुरू हुई गिनती, 3D मैपिंग से बनेगा खजाने का डिजिटल रिकॉर्ड

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:44 PM (IST)

पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में सोने के आभूषणों और बहुमूल्य रत्नों की गणना फिर से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 26 और 27 नवंबर को थ्री-डी मैपिंग और वीडियोग्राफी के साथ होगी, जबकि भक्तों के दर्शन सामान्य रहेंगे।

पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में फिर शुरू हुई गिनती (PTI)

पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में फिर शुरू हुई गिनती (PTI)

HighLights

  1. भीतरी रत्न भंडार में आभूषणों की गणना फिर शुरू।

  2. थ्री-डी मैपिंग, वीडियोग्राफी से होगा पूरा दस्तावेजीकरण।

  3. भक्तों के दर्शन और दैनिक अनुष्ठान रहेंगे सामान्य।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। पुरी जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में सुरक्षित रखे सोने के आभूषणों, बहुमूल्य रत्नों और अन्य कीमती वस्तुओं की गणना की प्रक्रिया बुधवार से फिर शुरू हो गई।

कार्तिक महीने में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भगवान जगन्नाथ के विशेष धार्मिक अनुष्ठानों को देखते हुए इस कार्य को स्थगित कर दिया गया था।

राज्य सरकार की मंजूरी के बाद निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत 26 और 27 नवंबर को दो दिनों तक यह प्रक्रिया चलेगी।

न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ की अगुवाई में गठित विशेष टीम भीतरी रत्न भंडार में रखे आभूषणों और बहुमूल्य वस्तुओं की जांच कर उनका आकलन करेगी।

इस दौरान आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए थ्री-डी मैपिंग, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है।

पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण किया जाएगा, ताकि प्रत्येक बहुमूल्य वस्तु का सटीक विवरण तैयार करने के साथ उनके सुरक्षित संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।

मार्च में शुरू हुई थी गणना की प्रक्रिया

रत्न भंडार में रखे बहुमूल्य आभूषणों की गणना का काम मार्च में शुरू हुआ था। हालांकि, कार्तिक महीने में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सेवायतों और अन्य संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श के बाद इसे रोक दिया गया था। अब अनुकूल स्थिति और सरकार की अनुमति मिलने के बाद दोबारा यह काम शुरू किया गया है।

अनुष्ठान और महाप्रसाद वितरण रहेगा सामान्य

मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गणना के दौरान भगवान जगन्नाथ के दैनिक पूजा-अनुष्ठानों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। देवी-देवताओं के निर्धारित अनुष्ठान पूरे होने के बाद भोग मंडप में गणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इस दौरान महाप्रसाद वितरण भी प्रभावित नहीं होगा।

बाहरी कठ से होंगे भगवान के दर्शन

रत्न भंडार की गणना के दौरान श्रद्धालुओं के दर्शन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। दो दिनों तक भक्त पहले की तरह बाहरी कठ से भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकेंगे।

श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि गणना की प्रक्रिया और श्रद्धालुओं के दर्शन के बीच बेहतर समन्वय के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेवायतों से भी सहयोग की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- श्रीजगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा में चूक या साजिश? 'रेड जोन' में फिर उड़ा ड्रोन, 20 महीने में 10 बार टूटा नियम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।