श्रीजगन्नाथ मंदिर की सुरक्षा में चूक या साजिश? 'रेड जोन' में फिर उड़ा ड्रोन, 20 महीने में 10 बार टूटा नियम
पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर के पास ड्रोन उड़ाने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस ने रोककर दो लोगों को हिरासत में लिया। यह घटना मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, क्योंकि 20 महीनों में ऐसी 10 घटनाएं हो चुकी हैं, जबकि क्षेत्र रेड जोन घोषित है।

श्रीजगन्नाथ मंदिर परिसर के रेड जोन में फिर उड़ा ड्रोन (PTI)
HighLights
श्री जगन्नाथ मंदिर के पास ड्रोन उड़ाने का प्रयास।
पुलिस ने ड्रोन जब्त कर दो लोगों को हिरासत में लिया।
20 महीने में 10वीं घटना, सुरक्षा पर गंभीर सवाल।
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के श्रीमंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंदिर के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध और इसे नो फ्लाइंग जोन घोषित किए जाने के बावजूद ऐसी गतिविधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
बुधवार रात करीब 9 बजे एक बार फिर श्रीमंदिर की ओर ड्रोन उड़ाने का प्रयास किया गया। हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने समय रहते ड्रोन को रोककर जब्त कर लिया और इसे संचालित कर रहे दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रात करीब नौ बजे बड़दांड स्थित बगला धर्मशाला के पास से ड्रोन उड़ाया गया था। यह श्रीमंदिर की ओर बढ़ते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग करने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान मरिचिकोट चौक के पास पुलिस टीम ने इसे रोक लिया। ड्रोन को जब्त करने के साथ ही दोनों संचालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
20 महीने में सामने आए 10 मामले
श्रीमंदिर के आसपास ड्रोन उड़ाने की घटनाएं नई नहीं हैं। ओडिशा विधानसभा में फरवरी 2026 में कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने एक लिखित जवाब में बताया था कि पिछले करीब 20 महीनों में श्रीमंदिर के ऊपर और आसपास अवैध रूप से ड्रोन उड़ाने के 10 मामले दर्ज किए गए हैं।
इनमें दो मामलों में पुलिस अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर चुकी थी, जबकि आठ मामलों की जांच जारी थी। यह आंकड़ा बताता है कि प्रतिबंध के बावजूद मंदिर की संवेदनशील हवाई सीमा में बार-बार सेंध लगाने की कोशिश हो रही है।
इससे पहले जनवरी 2025 में तड़के करीब 4:10 बजे एक ड्रोन लगभग आधे घंटे तक श्रीमंदिर के ऊपर मंडराता रहा था। इसके बाद पुलिस ने जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की थीं।
अक्टूबर 2025 में भी मंदिर और आसपास के कॉरिडोर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर ड्रोन जब्त किया था। मार्च 2026 में रत्न भंडार की गणना के दौरान भी दो ड्रोन देखे जाने पर दो लोगों को हिरासत में लिया गया था।
डीजीसीए ने घोषित किया रेड जोन
लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए भारतीय विमानपत्तन नियामक महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 26 सितंबर 2025 को श्रीमंदिर के आसपास के हवाई क्षेत्र को रेड जोन घोषित किया था।
यह प्रतिबंध 25 सितंबर 2028 तक प्रभावी है। इस क्षेत्र में केंद्र सरकार की विशेष अनुमति के बिना ड्रोन या अन्य मानवरहित विमान उड़ाने की अनुमति नहीं है।
वहीं, रथयात्रा से पहले ओडिशा पुलिस ने एंटी-ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया था। इस तकनीक की मदद से श्रीमंदिर के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में उड़ रहे सात अनधिकृत ड्रोन को निष्क्रिय किया गया था।
इसके बावजूद बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आना निगरानी व्यवस्था और प्रतिबंधों के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है।
सिर्फ कार्रवाई नहीं, रोकथाम भी जरूरी
श्रीमंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत संवेदनशील स्थल है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के साथ विशिष्ट अतिथियों का भी आगमन होता है। ऐसे में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने की कोशिश को महज नियमों का उल्लंघन मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
ड्रोन के जरिये मंदिर की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील हिस्सों की तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की आशंका भी बनी रहती है।
बार-बार ड्रोन पकड़े जाने की घटनाओं के बीच अब यह सवाल महत्वपूर्ण हो गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन प्रवेश करने से पहले ही उसकी पहचान और उड़ान रोकने की व्यवस्था कितनी प्रभावी है।
मंदिर के चारों ओर निगरानी टावरों, सीसीटीवी और एंटी-ड्रोन तकनीक के समन्वित इस्तेमाल के साथ नियमित निगरानी और दोषियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।