पुरी जगन्नाथ मंदिर जा रहे हैं तो सावधान! नकली गाइड बनकर श्रद्धालुओं से जबरन वसूली करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
पुरी पुलिस ने श्रीजगन्नाथ मंदिर के पास श्रद्धालुओं से जबरन वसूली करने वाले पांच नकली गाइडों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने भक्तों से ऐसे अनाधिकृत लोगों से सावधान रहने और किसी भी दबाव या पैसे की मांग पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

नकली गाइड बनकर जबरन वसूली करने वाले गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पुरी मंदिर के पास पांच नकली गाइड गिरफ्तार किए गए।
श्रद्धालुओं से जबरन पैसे वसूलने का आरोप है इन पर।
पुलिस ने भक्तों को अनाधिकृत गाइडों से सावधान रहने को कहा।
जागरण संवाददाता, पुरी। महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अब नकली गाइडों से सावधान रहने की जरूरत है। श्रीमंदिर के आसपास गाइड का चोला ओढ़कर श्रद्धालुओं को अपने जाल में फंसाने और उनसे जबरन पैसे वसूलने वाले पांच आरोपितों को पुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
ये लोग खुद को गाइड बताकर श्रद्धालुओं पर अपनी सेवा लेने का दबाव बनाते थे। इनकार करने पर उनके साथ गाली-गलौज करने और धमकाने से भी बाज नहीं आते थे।
दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
पुरी के एसपी प्रतीक सिंह ने मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहली गिरफ्तारी 22 नवंबर को श्रीमंदिर के उत्तर द्वार परिक्रमा मार्ग के पास हुई। यहां एक व्यक्ति को पकड़ा गया। वहीं, 23 नवंबर को पश्चिम द्वार परिक्रमा मार्ग के पास चार अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी के अनुसार, आरोपित श्रद्धालुओं को जबरन गाइड सेवा देने के नाम पर पैसे मांगते थे। उनकी मांग पूरी नहीं करने पर श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी दी जाती थी। इस संबंध में सिंहद्वार थाने में दो मामले दर्ज किए गए हैं। 22 नवंबर को केस संख्या 275 और 23 नवंबर को केस संख्या 276 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। दोनों मामलों में उनके कब्जे से कुल 7,110 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।
श्रद्धालुओं से एसपी की अपील
पुरी एसपी ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गाइड के नाम पर सक्रिय अनधिकृत लोगों के झांसे में न आएं। कोई भी व्यक्ति जबरन गाइड सेवा लेने के लिए दबाव बनाए या पैसे की मांग करे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को दें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।