विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में पहली बार एक साथ हुआ लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट, 14 घंटे चली जटिल सर्जरी

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:31 AM (IST)Updated: Tue, 24 Nov 2026 11:43 AM (IST)

ओडिशा में पहली बार भुवनेश्वर के केआईएमएस अस्पताल में एक मरीज का लिवर और किडनी का एक साथ सफल प्रत्यारोपण किया गया है।

ओडिशा में पहली बार एक साथ हुआ लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट (AI Generated Image)

ओडिशा में पहली बार एक साथ हुआ लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट (AI Generated Image)

HighLights

  1. ओडिशा में पहला संयुक्त लिवर और किडनी प्रत्यारोपण सफल।

  2. भुवनेश्वर के केआईएमएस अस्पताल में 14 घंटे की सर्जरी।

  3. 32 वर्षीय मरीज को मिला नया जीवन, अस्पताल से छुट्टी।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में पहली बार किसी अंगदाता से प्राप्त लिवर और किडनी का एक साथ सफल प्रत्यारोपण किया गया है। भुवनेश्वर स्थित कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (केआईएमएस) के चिकित्सकों ने 14 घंटे तक चली जटिल सर्जरी के जरिए 32 वर्षीय मरीज को नया जीवन दिया है।

प्रत्यारोपण के बाद मरीज का लिवर और किडनी सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

मरीज पिछले करीब 18 महीने से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसे नियमित रूप से डायलिसिस कराना पड़ रहा था। इसी दौरान जांच में पता चला कि हेपेटाइटिस-बी संक्रमण के कारण उसका लिवर भी गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है।

इसके अलावा उसके पेट में बार-बार पानी जमा हो रहा था, जिसे निकालना पड़ता था। ऐसी गंभीर स्थिति में लिवर और किडनी का एक साथ प्रत्यारोपण करना अनिवार्य हो गया था।

इसी बीच एक युवा मृत अंगदाता के परिवार ने अंगदान की सहमति देकर मरीज को नया जीवन देने की उम्मीद जगाई। इसके बाद केआईएमएस में मरीज की विस्तृत जांच और आवश्यक चिकित्सकीय तैयारियां पूरी की गईं।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 14 घंटे तक जटिल ऑपरेशन कर दोनों अंगों का एक साथ सफल प्रत्यारोपण किया।

चिकित्सकों के अनुसार, एक साथ लिवर और किडनी का प्रत्यारोपण बेहद जटिल चिकित्सा प्रक्रिया है। देश के चुनिंदा अस्पतालों में ही इस तरह की सुविधा उपलब्ध है। केआईएमएस ने यह उपलब्धि हासिल कर ओडिशा के चिकित्सा क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ा है।

केआईएमएस के अनुसार, इस सफलता के पीछे केआईआईटी, केआईएसएस और केआईएमएस के संस्थापक अच्युत सामंत की दूरदर्शी सोच और ओडिशा में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता प्रमुख प्रेरणास्रोत रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।