राष्ट्रपति मुर्मु कटक बालियात्रा में बेटी संग 'कलिंग तारिणी' पर होंगी सवार, नौसेना की 7 नावें देंगी पहरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 24 नवंबर को कटक बालियात्रा का उद्घाटन करने के लिए सड़क मार्ग के बजाय नौका से पहुंचेंगी।

कटक बालियात्रा के उद्घाटन के लिए आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु। (फोटो- PTI)
HighLights
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नौका से बालियात्रा पहुंचेंगी।
सुरक्षा में भारतीय नौसेना की सात नौकाएं शामिल।
कटक नगर निगम के 150 वर्ष पूरे होने का समारोह।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ऐतिहासिक कटक बालियात्रा के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 24 नवंबर को कटक पहुंचेंगी। इस बार उनका आगमन खास होगा।
राष्ट्रपति सड़क मार्ग के बजाय नौका से बालियात्रा मैदान पहुंचेंगी। उनकी जलयात्रा के लिए विशेष नौका तैयार की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से सात नौकाओं का काफिला उनके साथ रहेगा, जिसकी अगुवाई भारतीय नौसेना की नाव करेगी।
राष्ट्रपति, बोटिंग क्लब से कलिंग तारिणी नौका पर सवार होकर कटक इन कटक के पिछले गेट के पास बनाए जा रहे अस्थायी गड़गड़िया घाट तक पहुंचेंगी।
यहां से निर्धारित मार्ग से ओआरमास क्षेत्र होते हुए गणकवि वैष्णव पाणि मंच पर जाएंगी। इसी मंच से वह बालियात्रा का उद्घाटन करेंगी। इस दौरान कटक नगर निगम (सीएमसी) की स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में भी शामिल होंगी।
नौसेना और ओड्राफ की नौकाएं रहेंगी तैनात
राष्ट्रपति की नौका पर उनकी बेटी, चिकित्सक और सुरक्षाकर्मियों समेत करीब 14 से 15 लोग सवार रहेंगे। सुरक्षा के लिए सात अन्य नौकाएं साथ चलेंगी। इनमें भारतीय नौसेना के अलावा अग्निशमन सेवा विभाग और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओड्राफ) की नौकाएं शामिल होंगी।
कटक के एडीएम दिव्यलोचन महांता ने बताया कि राष्ट्रपति बोटिंग क्लब से जलमार्ग के जरिए अस्थायी गड़गड़िया घाट पहुंचेंगी। वहां से वह निर्धारित मार्ग से ओआरमास होते हुए उद्घाटन मंच तक जाएंगी।
नौका का होगा सुरक्षा निरीक्षण
नौका संचालक जितेश प्रधान ने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नौका की रंगाई पूरी होने के बाद नौसेना और राष्ट्रपति की सुरक्षा टीम इसका निरीक्षण करेगी।
सुरक्षा टीम के सुझाव के मुताबिक आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। राष्ट्रपति का उनकी नौका से सफर करना उनके लिए गर्व का विषय है।
इधर, भारी वर्षा से बालियात्रा मैदान को हुए नुकसान की मरम्मत का काम भी तेज कर दिया गया है। जिला प्रशासन 24 नवंबर को मेले के उद्घाटन से पहले मैदान को पूरी तरह तैयार करने में जुटा है।
यह भी पढ़ें- घड़े जैसा ढोल छाती पर बांधकर होता है ओडिशा का घुमुरा नृत्य, नर्तक दिखाते हैं ऐसे करतब कि नहीं हटेगी नजर