ओडिशा के भुवनेश्वर में नशा तस्करों पर बड़ी चोट, 49 किलो गांजा और स्कूटी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
भुवनेश्वर में पुलिस की स्पेशल क्राइम यूनिट ने 49 किलो गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से गांजा, स्कूटी, मोबाइल और नकदी जब्त की गई, जिसमें एक का आपराधिक इतिहास भी है।

पुलिस की गिरफ्त में गांजा तस्कर (सौ. जागरण)
HighLights
भुवनेश्वर में 49 किलो गांजा के साथ दो युवक गिरफ्तार।
स्पेशल क्राइम यूनिट ने खुफिया सूचना पर की कार्रवाई।
एक आरोपित का पहले से है आपराधिक रिकॉर्ड।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की स्पेशल क्राइम यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 किलो गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपितों को 26 नवंबर को नंदनकानन थाना क्षेत्र के डीडीएम एवेन्यू के पास केंदुपटना-पड़ासाही रोड पर दबोचा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से गांजा के अलावा तीन मोबाइल फोन, एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और 570 रुपये नकद जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोरापुट जिले के शिवाजी बेहरा उर्फ शिवा (29) और भुवनेश्वर के मंचेश्वर थाना क्षेत्र के चकेइसियानी, सामेईगड़िया निवासी अशोक नायक उर्फ अशोक (29) के रूप में हुई है।
शिवाजी मूल रूप से कोरापुट टाउन थाना क्षेत्र के हाटपदा का रहने वाला है और वर्तमान में नंदनकानन थाना क्षेत्र के डीडीएम एवेन्यू में रह रहा था।
खुफिया सूचना मिलने के बाद कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी के संबंध में पुख्ता खुफिया सूचना मिलने के बाद स्पेशल क्राइम यूनिट ने भुवनेश्वर क्षेत्र में निगरानी शुरू की थी। इसी दौरान आरोपितों की गतिविधियों का पता लगाकर 26 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे डीडीएम एवेन्यू के पास छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया।
जांच में पता चला है कि गिरफ्तार अशोक नायक के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ 2019 में मंचेश्वर थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। वहीं, 2023 में एयरफील्ड थाने में अपहरण, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।
अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी पुलिस
इस संबंध में स्पेशल क्राइम यूनिट थाना में केस नंबर 24/26 दर्ज किया गया है। एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(सी), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपितों को अदालत में पेश करने के साथ गांजा की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

गिरफ्तार गांजा तस्कर एवं जब्त मोबाइल फोन व नकदी (सौ. जागरण)
पुलिस ने आम लोगों से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए स्पेशल क्राइम यूनिट के हेल्पलाइन नंबर 0674-2916383 पर सुबह 10 से रात 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।