विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसानों की कमाई बढ़ाएगी 'पट चंदन' और 'कोणार्क', ओडिशा में OUAT ने फसलों की 11 नई किस्मों को दी मंजूरी

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:34 AM (GMT+05:30)

ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (OUAT) ने 11 नई फसल किस्में विकसित की हैं, जिन्हें राज्यस्तरीय समिति ने मंजूरी दे दी है। ये किस्में अधिक उपज वाली, पोषक तत्वों से भरपूर और रोग प्रतिरोधी हैं, जो जल्द ही किसानों के लिए उपलब्ध होंगी।

ओडिशा में OUAT ने फसलों की 11 नई किस्मों को दी मंजूरी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

ओडिशा में OUAT ने फसलों की 11 नई किस्मों को दी मंजूरी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. ओयूएटी ने कृषि अनुसंधान में 11 नई फसल किस्में विकसित कीं।

  2. इनमें नौ खेतिहर और दो बागवानी फसलें शामिल हैं, जो अनुमोदित हुईं।

  3. ये किस्में उच्च उपज, पोषक तत्वों और रोग प्रतिरोधी क्षमता वाली हैं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में ओडिशा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (ओयूएटी) ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की ओर से विकसित 11 नई फसल किस्मों को राज्यस्तरीय किस्म अनुमोदन समिति ने मंजूरी दे दी है। 

इनमें नौ खेतिहर और दो बागवानी फसलें शामिल हैं। नई किस्में अधिक उत्पादन देने के साथ पोषक तत्वों से भरपूर और रोग-पोखों के प्रति सहनशील हैं। जल्द ही इन्हें राज्य के किसानों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

इन नई किस्मों में कपास की ‘शुभम’, अरहर की ‘श्रीधर’ और ‘श्रीहरि’, सरसों की ‘सुवर्णा’ और ‘संभावी’, तिल की ‘कजल’, अलसी की ‘तारा’, धान की ‘परब’ और ‘नम्रता’, नारियल की ‘कोणार्क’ तथा केले की ‘पट चंदन’ शामिल हैं।

चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों के लिए उपयोगी होगी ‘पट चंदन’

ओयूएटी ने पहली बार केले की नई किस्म ‘पट चंदन’ विकसित की है। आकर्षक सुगंध, बड़े और लंबे फल इसकी खासियत हैं। यह किस्म पनामा विल्ट, बनाना बंची टॉप और सिगाटोका पत्ती धब्बा रोग के प्रति प्रतिरोधी है। इसकी उपज चंदनपुर पटाकपुरा और चंपा किस्मों की तुलना में क्रमशः 44.15 और 69.38 प्रतिशत अधिक है। पौधे की ऊंचाई कम होने के कारण तेज हवा और चक्रवात प्रभावित तटीय क्षेत्रों में इसकी खेती विशेष रूप से लाभकारी होगी।

नारियल की संकर किस्म ‘कोणार्क’ में अधिक फल देने की क्षमता है। इससे सूखा नारियल गूदा और तेल का अधिक उत्पादन संभव होगा। यह रुगोज स्पाइरलिंग व्हाइटफ्लाई और गैंडा भृंग के प्रति सहनशील है।

कम जीआई वाला धान, तेल उत्पादन में भी मिलेगी मदद

धान की ‘परब’ और ‘नम्रता’ किस्में अधिक उपज देने के साथ जिंक, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्वों से भरपूर हैं। इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) कम है। ऐसे में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अच्छी मांग होने की संभावना है।

कपास की ‘शुभम’ किस्म से प्रति हेक्टेयर औसतन 19.80 क्विंटल उत्पादन मिलेगा। बेहतर रेशे की गुणवत्ता और रोग-पोखों के प्रति सहनशीलता इसे किसानों के लिए बेहतर विकल्प बनाती है। सरसों की ‘सुवर्णा’ और ‘संभावी’ किस्में अधिक तापमान सहने में सक्षम हैं। इनसे खाद्य तेल उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

अलसी की ‘तारा’ किस्म कोरापुट, रायगड़ा और केन्दुझर जैसे आदिवासी बहुल जिलों के किसानों के लिए उपयोगी होगी। वहीं, काले बीज वाली तिल की ‘कजल’ किस्म भी अपनी विशेषताओं के कारण किसानों और उपभोक्ताओं के बीच लोकप्रिय होने की उम्मीद है। अरहर की जल्दी पकने वाली ‘श्रीधर’ और ‘श्रीहरि’ किस्में वर्षा आधारित ऊंची जमीन पर खेती और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देंगी।

ओयूएटी के कुलपति प्रोफेसर प्रभात कुमार राउल ने इस उपलब्धि पर कृषि वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसान केंद्रित अनुसंधान, जलवायु अनुकूल कृषि और राज्य के समग्र कृषि विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात का असर कम, फिर भी सतर्कता और तैयारी जारी; मुख्य सचिव ने की ओडिशा में बाढ़ स्थिति की समीक्षा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।