विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी मांगने वाले नहीं, अब रोजगार देने वाले बनेंगे ओडिशा के युवा; 2036 में 500 अरब डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:43 AM (IST)

उत्कल चैंबर ऑफ कॉमर्स ओडिशा के युवाओं को नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनाने पर जोर दे रहा है। 

यूसीसी तैयार कर रहा 1200 युवा उद्यमियों की फौज (सौ.जागरण)

यूसीसी तैयार कर रहा 1200 युवा उद्यमियों की फौज (सौ.जागरण)

HighLights

  1. युवाओं को उद्यमी बनाने पर उत्कल चैंबर ऑफ कॉमर्स का जोर।

  2. 2036 तक ओडिशा को 500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य।

  3. एमएसएमई सेक्टर को मजबूत कर रोजगार सृजन की पहल।

शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। समृद्ध और विकसित ओडिशा की परिकल्पना को साकार करने के लिए अब युवाओं को नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमियों के रूप में तैयार करने की पहल तेज हो गई है। इस दिशा में उत्कल चैंबर ऑफ कॉमर्स (यूसीसी) युवा उद्यमियों की एक नई पौध तैयार करने में जुटा है। 

चैंबर का लक्ष्य युवाओं को उद्यमिता, तकनीक और कारोबारी कौशल से लैस कर उन्हें उद्योग जगत की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए जल्द ही युवा एंटरप्रेन्योर कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को उद्योग स्थापित करने से लेकर कारोबार के विस्तार और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा।

2036 तक समृद्ध ओडिशा बनाने का विजन

उत्कल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रबोध महांति ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि ओडिशा सरकार ने 2036 तक समृद्ध ओडिशा बनाने का जो विजन तैयार किया है, उसमें युवा उद्यमियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। एमएसएमई सेक्टर जितना मजबूत होगा, राज्य की अर्थव्यवस्था को उतनी ही गति मिलेगी। 

यूसीसी इस दिशा में सरकार के साथ मिलकर कई कार्यक्रम चला रहा है। चैंबर की ओर से दिए जा रहे सुझावों को सरकार गंभीरता से ले रही है। साथ ही, विदेश दौरों में भी यूसीसी को महत्व दिया जा रहा है, जिससे उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी अवसरों की जानकारी मिल सके। 

500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य 

महांति ने कहा कि वर्ष 2036 तक ओडिशा को 500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर की भूमिका निर्णायक होगी। ऐसे में बड़े उद्योगों के साथ छोटे और मझोले उद्योगों का मजबूत होना भी जरूरी है। इसके लिए युवाओं को उद्यमिता की ओर आकर्षित करना और उन्हें जरूरी संसाधन तथा मार्गदर्शन उपलब्ध कराना होगा।

1200 युवा उद्यमियों को जोड़ने की पहल

प्रबोध महांति के अनुसार, वर्तमान में यूसीसी से करीब 1000 युवा उद्यमी जुड़े हैं। इस संख्या को बढ़ाकर 1200 करने का लक्ष्य है। युवा एंटरप्रेन्योर कमेटी के गठन से युवाओं को एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे अपने कारोबारी विचार साझा कर सकेंगे और अनुभवी उद्यमियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। सफल उद्यमियों और औद्योगिक क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ नियमित संवाद, सेमिनार और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

तकनीकी दक्षता से मजबूत होगी उद्यमिता

युवाओं को केवल कारोबार शुरू करने की जानकारी ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और उद्योगों की कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जाएगा। इसके लिए यूसीसी ने वर्ल्ड स्किल सेंटर के साथ करार किया है। 

इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को बड़ी औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे वास्तविक औद्योगिक वातावरण को समझ सकें और भविष्य में रोजगार के बजाय उद्यमिता को भी विकल्प बना सकें।

वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा स्थानीय कारोबार

एमएसएमई उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) से छोटे उद्योगों को मिलने वाले अवसरों के बारे में उद्यमियों को प्रशिक्षित और जागरूक किया जाएगा। वहीं, माइनिंग सेक्टर में सरकारी एजेंसियों के सहयोग से पूरे वर्ष वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके जरिए स्थानीय उद्यमियों को बड़ी औद्योगिक इकाइयों की आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने का प्रयास है।

इंटर्नशिप से मिलेगा व्यावहारिक अनुभव

सरकार की ओर से युवाओं के लिए शुरू की गई इंटर्नशिप योजनाओं में भी एमएसएमई सेक्टर महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराएगा। इससे युवाओं को उद्योगों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। यूसीसी का प्रयास है कि शिक्षा संस्थानों और उद्योग जगत के बीच दूरी कम हो तथा युवा पढ़ाई के दौरान ही कारोबार और रोजगार की वास्तविक संभावनाओं को समझ सकें।

प्रबोध महांति ने कहा कि विकसित ओडिशा का सपना तभी पूरा होगा, जब राज्य में उद्यमिता की मजबूत संस्कृति विकसित होगी। यूसीसी सरकार और उद्योगों के बीच सेतु बनकर युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार के अवसर उपलब्ध कराने में जुटा है। युवा उद्यमियों की यही नई पौध आने वाले वर्षों में रोजगार सृजन के साथ ओडिशा की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगी।

यह भी पढ़ें- महज 300 मीटर की सड़क नहीं होने से नाव बनी एंबुलेंस! ओडिशा के खुर्दा में महिला ने बीच पानी में दिया बेटे को जन्म


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।