विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महज 300 मीटर की सड़क नहीं होने से नाव बनी एंबुलेंस! ओडिशा के खुर्दा में महिला ने बीच पानी में दिया बेटे को जन्म

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:20 AM (IST)

ओडिशा के खुर्दा जिले में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण एक गर्भवती महिला को नाव में बच्चे को जन्म देना पड़ा। एंबुलेंस न पहुंचने पर पति ने नाव का सहारा लिया, जहां अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

सड़क नहीं होने से नाव बनी एंबुलेंस (सौ. जागरण)

सड़क नहीं होने से नाव बनी एंबुलेंस (सौ. जागरण)

HighLights

  1. खुर्दा में गर्भवती महिला ने नाव में बच्चे को जन्म दिया।

  2. सड़क डूबी होने से एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच पाई।

  3. यह घटना बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को दर्शाती है।

शेषनाथ राय, भुवनेश्वर। विकास के तमाम दावों के बीच ओडिशा के खुर्दा जिले में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। यहां एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस नहीं, बल्कि नाव का सहारा लेना पड़ा। विडंबना यह रही कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने नाव में बच्चे को जन्म दे दिया। गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

घटना टांगी ब्लाक के भुषंडपुर पंचायत अंतर्गत बालिपोखरी गांव की है। गांव निवासी संतोष बेहरा की पत्नी मिनती बेहरा को प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो पति ने तत्काल आशा कार्यकर्ता को सूचना दी। इसके बाद 102 एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन घर तक पहुंचने का रास्ता पानी में डूबा होने के कारण एंबुलेंस वहां नहीं पहुंच सकी।

नाव में ही बेटे को जन्म दे दिया

कोई दूसरा विकल्प नहीं मिलने पर संतोष ने नाव की व्यवस्था की। पत्नी और मां विशि को नाव पर बैठाकर मुख्य सड़क तक ले जाने लगे। रास्ते में पानी और जलकुंभी भरी होने के कारण नाव को धक्का देकर आगे बढ़ाना पड़ रहा था। इसी दौरान मिनती ने नाव में ही बेटे को जन्म दे दिया। बाद में उन्हें एंबुलेंस से टांगी अस्पताल पहुंचाया गया।

साल में छह महीने डूबी रहती है सड़क

चिलिका झील के किनारे बसे इस परिवार के घर से मुख्य सड़क की दूरी महज 300 मीटर है। लेकिन चिलिका का जलस्तर बढ़ते ही यह रास्ता पानी में डूब जाता है। साल के लगभग आधे समय तक यही स्थिति बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों के लिए नाव ही आवागमन का एकमात्र सहारा है।

भुषंडपुर के सरपंच सौरभ दासमहापात्र के अनुसार, इस स्थान पर तीन परिवार वर्षों से रह रहे हैं। उनके लिए रास्ता तो है, लेकिन चिलिका का पानी भर जाने से वह अधिकांश समय डूबा रहता है। इस छोटे से हिस्से में सड़क बनाने के लिए विशेष तकनीक की जरूरत होगी और इस पर काफी खर्च आएगा।

संतोष की मां विशि ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। दो वर्ष पहले उनकी पोती का जन्म भी इसी तरह की परिस्थितियों में हुआ था। ऐसे में सवाल उठता है कि तीन परिवारों के लिए 300 मीटर का सुरक्षित रास्ता आखिर कब बनेगा?

यह भी पढ़ें- कटक के पुरीघाट में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, 10 से अधिक घायल; 2 की हालत नाजुक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।