Odisha Weather Update: ओडिशा में बारिश थमते ही लौटी ठिठुरन, NH-326 पर अचानक छाया घना कोहरा; थमे वाहनों के पहिए
गजपति जिले के मोहना और अंदरूनी इलाकों में बारिश थमने के बाद अचानक ठंड बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर ...और पढ़ें

NH-326 पर अचानक छाया घना कोहरा
HighLights
बारिश के बाद गजपति जिले में अचानक ठंड और कोहरा बढ़ा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर घना कोहरा, जिससे दृश्यता काफी कम हुई।
वाहन चालकों को सावधानी बरतने, हेडलाइट जलाने की सलाह दी गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। गजपति जिले के मोहना और अन्य अंदरूनी इलाकों में हाल की बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। क्षेत्र में मौसम की पहली ठंड महसूस होने लगी है। सुबह के समय घने कोहरे ने राष्ट्रीय राजमार्ग-326 को अपनी चपेट में ले लिया है। इससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
कोहरे के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चालकों को सावधानी बरतने, हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
सावधानी से वाहन चलाने की अपील
एक ट्रक चालक ने बताया कि कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई है। हालांकि सावधानीपूर्वक वाहन चलाने से उसने अपनी यात्रा पूरी की। उसने कहा कि सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ है। ऐसे में सभी वाहन चालकों को सतर्क रहने और हेडलाइट जलाकर ही वाहन चलाने की जरूरत है।
वहीं, एक अन्य ट्रक चालक ने बताया कि अचानक घना कोहरा छा जाने के कारण उन्हें वाहन रोककर कोहरा छंटने का इंतजार करना पड़ा। ऐसी स्थिति में वाहन चलाना दुर्घटना का कारण बन सकता है।
बारिश थमने के बाद बढ़ी ठंड
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश थमने के बाद ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। एक नियमित यात्री ने बताया कि बारिश बंद होने के बाद से कोहरा छाने लगा है और ठंड भी पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है। ऐसा लग रहा है कि सर्दी का मौसम अभी शुरू ही हुआ है, लेकिन तापमान में पहले से ही उल्लेखनीय गिरावट महसूस की जा रही है।