ओडिशा में इस साल 8 जगह पर होगा ईको रिट्रीट, भितरकनिका और पुटसिल सूची से हुए बाहर
ओडिशा में इस साल 8 पर्यटन स्थलों पर इको रिट्रीट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें तीन नए स्थान शामिल हैं ...और पढ़ें

8 जगह पर होगा ईको रिट्रीट (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
इस वर्ष 8 स्थानों पर होगा इको रिट्रीट का आयोजन।
तलमाली, कोलाब, कुसुमबंधा नए स्थलों में शामिल किए गए।
स्थानीय समुदाय को रोजगार और भागीदारी पर विशेष जोर।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा में इस वर्ष इको रिट्रीट के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पिछले वर्ष सात स्थानों पर इको रिट्रीट का आयोजन किया गया था, जबकि इस बार आठ पर्यटन स्थलों पर इसका आयोजन होगा। इस बार की सूची से केंद्रापड़ा जिले के भितरकनिका और कोरापुट के पुटसिल को बाहर कर दिया गया है। वहीं, तीन नए स्थानों तलमाली, कोलाब और कुसुमबंधा को शामिल किया गया है।
इनके अलावा पिछले वर्ष की तरह कोणार्क, सोनापुर, दारिंगबाड़ी, हीराकुद और सतकोसिया में भी इको रिट्रीट का आयोजन किया जाएगा।
इको रिट्रीट की तैयारियों की समीक्षा
शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री प्रभाती परिडा ने पर्यटन भवन में इको रिट्रीट की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बेहतर पर्यटन सुविधाओं के विकास, सुचारु संचालन और पर्यटकों को आरामदायक अनुभव उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही राज्य में पर्यटन के बढ़ते दायरे में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में तय किया गया कि इको रिट्रीट की योजना और संचालन में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। स्थानीय युवक-युवतियों और समुदाय के लोगों को रोजगार के पर्याप्त अवसर देने के साथ पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। स्थानीय कारीगरों, कलाकारों और उद्यमियों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
एडवेंचर स्पोर्ट्स और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों की व्यवस्था
इको रिट्रीट स्थलों पर एडवेंचर स्पोर्ट्स और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके माध्यम से ओडिशा की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपरा को भी पर्यटकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपमुख्यमंत्री ने सभी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव बलवंत सिंह, विशेष सचिव लिप्सा दास सहित विभाग और ओडिशा पर्यटन विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- ओडिशा: एनटीपीसी राख परिवहन वर्चस्व में खूनी खेल, युवक के सिर में गोली मार कर हत्या
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।