विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Odisha Weather Update: ओडिशा का कश्मीर बना 'कोल्ड जोन', 14°C तक गिरा पारा; घने कोहरे में चेहरे दिखना बंद

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:49 AM (IST)

ओडिशा के कंधमाल जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया ...और पढ़ें

ओडिशा का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

ओडिशा का मौसम (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. कंधमाल जिले में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।

  2. फुलबानी में 14°C, दरिंगबाड़ी में 15°C तापमान दर्ज किया गया।

  3. घने कोहरे से दृश्यता प्रभावित, सड़कों पर आवाजाही मुश्किल हुई।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के कंधमाल जिले में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। जिले के मुख्यालय फुलबानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दरिंगबाड़ी में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।

सुबह घने कोहरे से दृश्यता प्रभावित

जानकारी के अनुसार, पांच नवंबर से ही जिले में ठंड का असर बढ़ने लगा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाने से दृश्यता काफी कम हो गई है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे भी कई क्षेत्रों में इतना घना कोहरा छाया रहा कि कुछ दूरी पर खड़े लोगों के चेहरे तक पहचानना मुश्किल हो रहा था।

हालांकि, दिन में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है, लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंड का असर काफी बढ़ जा रहा है। देर रात और सुबह के समय कनकनी अधिक महसूस की जा रही है। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

दरिंगबाड़ी और जी. उदयगिरि में भी बढ़ी ठिठुरन

फुलबानी के अलावा दरिंगबाड़ी, जी. उदयगिरि, तुमुड़ीबंध, बालिगुड़ा और बरखामा में भी ठंड का असर तेज हो गया है। तापमान में गिरावट के साथ ही ओडिशा का कश्मीर कहे जाने वाले दरिंगबाड़ी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। ठंड का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।

मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए अगले कुछ दिनों तक जिले में शीतलहर जैसी स्थिति बने रहने और ठंड का असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद जहरीली हुई ओडिशा की हवा, केंदुझर के बिलेइपदा में AQI 288 पर पहुंचा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।